छत्तीसगढ़ में चक्रवात का असर, 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 90 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

andhi tufaan mausam

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से आगे बढ़ रहा है, जिसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है।

पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में बादल छाए हुए हैं। वहीं, 27 अक्टूबर को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अब 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम की गंभीरता को देखते हुए लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर निर्माण वाले मकानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का विशेष असर पड़ने की संभावना जताई है। इनमें सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर, नारायणपुर, कोंडागांव, बस्तर, कांकेर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद और रायपुर शामिल हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार, 28 अक्टूबर को दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 29 अक्टूबर को उत्तर-पश्चिम और उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अक्टूबर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद कम है। दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

लगातार बारिश के बीच राहत की बात यह है कि 30 अक्टूबर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद मौसम सामान्य होने के आसार हैं।

चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के तापमान में भी बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं, अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। बादल, बारिश और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को मौसम में ठंडक महसूस होने लगेगी।