सक्ती में इलाज के बहाने महिला से छेड़छाड़, प्राइवेट पार्ट छूने का आरोप; झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार

पीड़िता के मुताबिक, 27 अक्टूबर की सुबह से उसे तेज सिरदर्द हो रहा था। परेशानी बढ़ने पर वह अपने पति के साथ इलाज कराने आरोपी के क्लिनिक पहुंची। इस दौरान डॉक्टर ने जांच का हवाला देते हुए उसके पति को बाहर बैठने के लिए कहा।
आरोप है कि डॉक्टर ने महिला से कहा कि गैस की वजह से सिरदर्द हो रहा है और इसके लिए पेट की जांच करनी होगी। इसके बाद उसने महिला को टेबल पर लेटने को कहा। जांच करने के बहाने आरोपी ने महिला के प्राइवेट पार्ट को छुआ और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा।
डॉक्टर की हरकत से घबराई महिला किसी तरह वहां से बाहर निकली और अपने पति को पूरी घटना बताई। इसके बाद दोनों बाराद्वार थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(v) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने तलाश शुरू करते हुए महज 8 घंटे के भीतर आरोपी प्रदीप देवांगन को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
