बस्तर फाइटर्स में 383 पदों पर निकली भर्ती, 2 नवंबर से आवेदन शुरू, जानें पूरी प्रक्रिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बस्तर फाइटर्स में आरक्षक के 383 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस भर्ती के लिए नारायणपुर जिले के स्थानीय निवासी पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होकर 12 दिसंबर 2026 तक चलेगी।
छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा 31 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल (बस्तर फाइटर्स), फाइटर आरक्षक सेवा भर्ती नियम, 2026 के अंतर्गत यह भर्ती की जा रही है। इसके तहत नारायणपुर जिले के लिए कुल 383 पद निर्धारित किए गए हैं।
वर्गवार पदों का विवरण
कुल 383 रिक्त पदों को विभिन्न वर्गों में इस प्रकार बांटा गया है:
- अनारक्षित वर्ग: 42 पद
- अन्य पिछड़ा वर्ग: 53 पद
- अनुसूचित जाति: 20 पद
- अनुसूचित जनजाति: 268 पद
- आवेदन शुरू होने की तिथि: 2 नवंबर 2026
- आवेदन की अंतिम तिथि: 12 दिसंबर 2026
- अंतिम समय: शाम 5 बजे तक
इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर कार्यालयीन दिवसों में निम्नलिखित कार्यालयों में जमा कर सकते हैं:
- कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला नारायणपुर।
- कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), छोटेडोंगर।
- कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस), बेनूर।
अभ्यर्थियों को पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से आवेदन भेजने की सुविधा भी दी गई है। इसके लिए आवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला नारायणपुर (छत्तीसगढ़), पिन कोड 494661 के पते पर भेजना होगा।
भर्ती से संबंधित आवेदन पत्र का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक योग्यता परीक्षा, लिखित परीक्षा और चयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी जिले के सभी थाना-चौकियों, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट cgpolice.gov.in और नारायणपुर पुलिस की वेबसाइट narayanpur.cgpolice.gov.in पर जाकर भर्ती की जानकारी और आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
भर्ती में शासन के निर्धारित आरक्षण नियमों एवं दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा। साथ ही रिक्त पदों की संख्या और वेतनमान में शासन तथा पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देशानुसार बदलाव किया जा सकता है।
नारायणपुर पुलिस ने जिले के स्थानीय पात्र युवाओं से अपील की है कि वे भर्ती से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन जमा करें।
