छत्तीसगढ़ में ट्रांसफर की बड़ी लिस्ट जारी, 53 CMO समेत 100 कर्मचारियों की बदली

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 100 अधिकारी-कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। जारी सूची में 53 मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) और 24 इंजीनियरों सहित विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इस आदेश के बाद प्रदेश के कई नगरीय निकायों में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।
विभाग द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के तहत कुल 100 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला किया गया है। इनमें शामिल हैं:
- मुख्य नगर पालिका अधिकारी – 53
- इंजीनियर – 24
- लेखापाल – 5
- स्वास्थ्य निरीक्षक – 4
- भृत्य – 4
- कैशियर – 3
- सहायक ग्रेड-3 – 3
- स्टेनोग्राफर – 1
- सहायक राजस्व निरीक्षक – 1
- कम्प्यूटर ऑपरेटर – 1
- वाहन चालक – 1
इस प्रशासनिक फेरबदल में तीन मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को भी बड़ी राहत मिली है। विभाग ने विकास पाटले, विष्णु प्रसाद यादव और जफर खान को निलंबन से बहाल कर दिया है। हालांकि, इनके खिलाफ विभागीय जांच जारी रहेगी।
बहाली के बाद विकास पाटले को दल्ली राजहरा नगर पालिका, विष्णु प्रसाद यादव को वाड्रफनगर नगर पंचायत और जफर खान को बिलाईगढ़ नगर पंचायत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है।
राज्य शासन के आदेश के अनुसार, इन अधिकारियों के निलंबन काल का निराकरण उनके खिलाफ चल रही विभागीय जांच के गुण-दोषों के आधार पर अलग से किया जाएगा।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा CMO, इंजीनियर और तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अलग-अलग स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। तबादला सूची में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों की नई पदस्थापना की जानकारी विभागीय आदेश में दी गई है।
