रायपुर में चिट्टा तस्करी का भंडाफोड़: महिला समेत दो गिरफ्तार, 9.53 लाख का माल जब्त

giraftar1

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कबीर नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से 45.84 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। जब्त हेरोइन की कीमत करीब 9 लाख 17 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, मोबाइल फोन और नगदी सहित कुल 9 लाख 53 हजार 100 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को पश्चिम जोन के कबीर नगर थाना क्षेत्र में नहर रोड स्थित फोर व्हीलर वॉशिंग सेंटर के पास रेलवे क्रॉसिंग के नजदीक चिट्टा बेचने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक महिला तथा एक युवक को हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से 45.84 ग्राम हेरोइन मिली। इसकी अनुमानित बाजार कीमत 9 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक Apple iPhone-11, एक Oppo मोबाइल सहित अन्य मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई।

पुलिस ने सभी जब्त सामान की कुल कीमत 9 लाख 53 हजार 100 रुपये बताई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय तरुण बजाज और 21 वर्षीय खुशी गभाने के रूप में हुई है। दोनों रायपुर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी तरुण बजाज का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह इससे पहले डीडी नगर थाना क्षेत्र में दर्ज चिट्टा तस्करी के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था। इसके बावजूद दोबारा कथित रूप से नशे के अवैध कारोबार में शामिल होने के आरोप में उसे गिरफ्तार किया गया है।

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसके कारोबार में इनके साथ कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।