वोटर लिस्ट में नाम कटवाने, जुड़वाने और सुधार कराने की आज अंतिम तारीख

रायपुर : छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार कराने के लिए आज अंतिम दिन है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने की समय-सीमा 30 अक्टूबर से बढ़ाकर 3 नवंबर 2026 कर दी थी। ऐसे में जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या नाम, पता समेत अन्य जानकारियों में कोई गलती है, वे आज आवेदन कर सकते हैं।
दरअसल, प्रदेश में आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव और उपचुनाव को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत नए मतदाताओं को सूची में नाम शामिल कराने, अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने और पहले से दर्ज विवरण में संशोधन कराने का अवसर दिया गया है।
पहले दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। हालांकि, चक्रवात अर्नब के प्रभाव और प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने के चलते आयोग ने आवेदन की समय-सीमा बढ़ाकर 3 नवंबर कर दी थी।
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अब तक प्राप्त और अंतिम तारीख तक मिलने वाले सभी दावों एवं आपत्तियों का निराकरण 6 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 30 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
दिसंबर में बीरगांव, भिलाई, भिलाई-चरौदा और रिसाली नगर निगम में चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में इन निकाय क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए मतदाता सूची में अपना नाम और अन्य जानकारियों की जांच करना बेहद जरूरी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, अंतिम मतदाता सूची का निरीक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर निशुल्क किया जा सकेगा। आयोग ने युवाओं सहित सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है या किसी तरह की त्रुटि है, तो आज ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज कराएं, ताकि आगामी नगरीय निकाय चुनाव में मतदान करने से वंचित न होना पड़े।
