छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मुरासु’ का असर, 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ के पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और नारायणपुर शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, रायपुर और दुर्ग संभाग के 10 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसे देखते हुए लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। खुले मैदानों में जाने, बड़े पेड़ों के नीचे खड़े होने और बिजली के खंभों के आसपास रहने से बचने की अपील की गई है।
राजधानी रायपुर में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बस्तर संभाग के जगदलपुर में इस दौरान 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात का प्रभाव बने रहने तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने, बारिश होने और तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है।
