जमीन विवाद में 4 करोड़ की डिमांड, इनकार करने पर कारोबारी से होटल में मारपीट; अनवर ढेबर समेत 6 पर केस

रायपुर। राजधानी रायपुर में जमीन विवाद को लेकर 4 करोड़ रुपए की कथित रंगदारी मांगने और प्रॉपर्टी डीलर के साथ होटल में मारपीट करने का मामला सामने आया है। कारोबारी बलिराम धरमानी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, कांग्रेस नेता आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी उर्फ मोंटी के खिलाफ रंगदारी और मारपीट का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि जमीन की रजिस्ट्री कराने के नाम पर कारोबारी से 4 करोड़ रुपए मांगे गए थे। रकम देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई। फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, कालीबाड़ी निवासी 62 वर्षीय बलिराम धरमानी प्रॉपर्टी डीलिंग का कारोबार करते हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में लाभांडी इलाके में बोरड परिवार की करीब 2.60 लाख वर्गफुट जमीन का सौदा किया था। इसमें से 40 हजार वर्गफुट जमीन की रजिस्ट्री उन्होंने अपने नाम करा ली थी, जबकि शेष जमीन के लिए एग्रीमेंट हुआ था।
बाद में बाकी जमीन की रजिस्ट्री होनी थी, लेकिन बोरड परिवार के सदस्यों के बीच आपसी विवाद के चलते प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2022 में कारोबारी संदीप अग्रवाल ने जमीन की रजिस्ट्री कराने का भरोसा दिलाया था। इसके बदले 4 करोड़ रुपए की मांग किए जाने की बात सामने आई है। दोनों पक्षों के बीच मौखिक सहमति होने का दावा भी शिकायत में किया गया है।
चार साल तक रजिस्ट्री नहीं होने के बाद बलिराम ने अपने नाम पर दर्ज 40 हजार वर्गफुट जमीन बोरड परिवार को वापस कर दी। इसके बदले उन्होंने जमीन के लिए दी गई रकम और बयाना मिलाकर कुल 3.15 करोड़ रुपए वापस ले लिए। कारोबारी का दावा है कि इसके बाद बोरड परिवार के साथ उनका कोई आर्थिक लेन-देन बाकी नहीं था।
बलिराम धरमानी ने शिकायत में बताया कि 24 सितंबर को नागेंद्र पांडेय ने फोन कर उन्हें कुबेर राठी से बात करने के लिए कहा। इसके बाद विवेक जोशी ने भी फोन कर मिलने का दबाव बनाया।
26 सितंबर को रहमानिया चौक स्थित आबिद हसन के कार्यालय में बैठक हुई। इसमें कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी सहित अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि इस बैठक में बलिराम से 4 करोड़ रुपए की मांग की गई।
कारोबारी ने संदीप अग्रवाल को बताया कि जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई है और उनका कोई बकाया लेन-देन भी शेष नहीं है। इसके बावजूद उनसे रकम देने के लिए दबाव बनाया जाता रहा।
शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर को बलिराम अपने कुछ मित्रों के साथ जेल रोड स्थित होटल वेलिंगटन पहुंचे थे। होटल के फैमिली केबिन में अनवर ढेबर, कुबेर राठी, संदीप अग्रवाल, आसिफ मेमन, नागेंद्र पांडेय और विवेक जोशी मौजूद थे।
यहां जमीन और 4 करोड़ रुपए को लेकर बातचीत हुई। बलिराम ने रकम देने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद अनवर ढेबर और कुबेर राठी ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
कारोबारी ने यह भी आरोप लगाया है कि सभी आरोपियों ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही रायपुर में नहीं रहने देने की बात भी कही गई।
बलिराम धरमानी की शिकायत के आधार पर गंज थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने और मारपीट सहित संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
