छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अकवान’ का असर: 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 20-21 नवंबर को येलो अलर्ट जारी

andhi tufaan mausam

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर महीने के दौरान एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के 9 जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को अलग-अलग जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। चक्रवात का असर बस्तर से लेकर रायपुर और सरगुजा संभाग तक देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव जिले में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने 20 नवंबर को प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इनमें बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद और महासमुंद शामिल हैं।

21 नवंबर को बारिश का दायरा और बढ़ने की संभावना है। इस दिन बस्तर संभाग के सभी जिलों के साथ रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सक्ती, रायगढ़, जशपुर और सरगुजा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद संबंधित जिलों में लोगों को मौसम के बदलते मिजाज पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रीसेंट पोस्ट्स