चर्चित मंत्री यादव हत्याकांड के चार दोषियों को उम्रकैद, पूर्व भाजपा पार्षद दुबे बरी

दुर्ग। दुर्ग शहर के चर्चित मंत्री यादव हत्याकांड के चार दोषियों को उम्रकैद की सजा मिली है। मामले में आरोपी रहे दुर्ग नगर निगम के पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया है। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया। इस केस में करीब ढाई साल बाद अदालत ने फैसला सुनाया है।
बता दें यह घटना 21 मई 2024 की है। लगभग 20:15 बजे गंजपारा नाका चौक, दुर्ग के पास श्रीराम यादव उर्फ मंत्री यादव का रास्ता रोककर आरोपियों द्वारा मारपीट की गई तथा धारदार हथियार एवं कड़े से हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर थाना दुर्ग में अपराध क्रमांक 272/2024 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा घटनास्थल निरीक्षण, प्रत्यक्षदर्शियों एवं अन्य गवाहों के कथन, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन के तकनीकी साक्ष्य, जब्त सामग्री तथा चिकित्सकीय एवं फॉरेंसिक साक्ष्यों का संकलन किया गया।
इस मामले में पुलिस ने अक्षत दुबे उर्फ मान्या, उम्र 23 वर्ष, निवासी कादम्बरी नगर, शिव मंदिर के पास, शुभम शर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी आदित्य नगर, बिजली ऑफिस के पास, वंश राजपूत, उम्र 19 वर्ष, निवासी गया नगर, मां चंडिका अस्पताल के पास तथा अमिताभ उर्फ चंदू, उम्र 19 वर्ष, निवासी हरी नगर, मुस्कान पैलेस के पास दुर्ग को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस ने भाजपा के पूर्व पार्षद अजय दुबे को भी गिरफ्तार किया था।
विवेचना पूर्ण कर आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश, दुर्ग द्वारा सत्र प्रकरण क्रमांक 175/2024 में दिनांक 18.11.2026 को निर्णय पारित करते हुए चार आरोपियों को दोषसिद्ध कर आजीवन कारावास से दंडित किया गया। वहीं पूर्व भाजपा पार्षद को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया गया।
चारों दोषसिद्ध आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 एवं धारा 120बी के अंतर्गत आजीवन कारावास से दंडित किया गया है। इसके अतिरिक्त धारा 341 सहपठित धारा 34 के अंतर्गत एक माह का साधारण कारावास एवं अर्थदंड दिया गया है। आरोपी अक्षत दुबे उर्फ मान्या एवं शुभम शर्मा को आयुध अधिनियम की धारा 25(1-ख) एवं 27 के अंतर्गत क्रमशः दो वर्ष एवं तीन वर्ष के सश्रम कारावास से भी दंडित किया गया है।
प्रकरण की विवेचना में निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव एवं थाना दुर्ग की विवेचना टीम द्वारा घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के कथन, भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्य संकलन तथा वैज्ञानिक परीक्षण की कार्यवाही की गई। प्रकरण में शासन की ओर से अपर लोक अभियोजक पंकज बेलचंदन द्वारा न्यायालय में प्रभावी पैरवी की गई। पुलिस एवं अभियोजन के समन्वित प्रयास से प्रकरण में दोषसिद्धि सुनिश्चित हुई। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी आपराधिक घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
