ढाबों में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़! एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और लस्सी बरामद, तीन संचालकों को नोटिस

notice

कवर्धा : कवर्धा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ अभियान के तहत खाद्य विभाग की टीम ने बोड़ला-चिल्फी मार्ग पर स्थित तीन ढाबों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दो ढाबों से बड़ी मात्रा में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और लस्सी बरामद हुई। टीम ने सभी एक्सपायरी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

26 और 27 नवंबर को अभिहित अधिकारी मुकेश साहू और खाद्य सुरक्षा अधिकारी फणीभूषण जायसवाल के नेतृत्व में टीम ने जेके छोटू ढाबा, रानीदरहा ढाबा और काका दा पंजाबी ढाबा का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, उनके रखरखाव, स्टोरेज और किचन की साफ-सफाई की जांच की गई।

जांच के दौरान काका दा पंजाबी ढाबा से एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक की 55 बोतलें बरामद हुईं। वहीं, रानीदरहा ढाबा से 45 एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की बोतलों के अलावा स्मूथ लस्सी के एक्सपायरी पैकेट भी मिले।

खाद्य विभाग की टीम ने ग्राहकों की सेहत के साथ हो रहे खिलवाड़ को गंभीरता से लेते हुए बरामद सभी एक्सपायरी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया।

निरीक्षण के दौरान तीनों ढाबों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई खामियां सामने आईं। इसके बाद विभाग ने सभी तीनों ढाबा संचालकों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, जिले के होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

रीसेंट पोस्ट्स