ब्रिटेन में मिला वायरस का दक्षिण अफ्रीकी रूप, विशेषज्ञों ने देश में महामारी की दूसरी बड़ी लहर फैलने की जताई आशंका

शेयर करें

नई दिल्ली(एजेंसी)।  कोरोना के नए रूप से परेशान ब्रिटेन में वायरस का एक और रूप मिला है। ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हैनकॉक ने बुधवार को बताया कि दो संक्रमितों में यह मिला है। दोनों हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से लौटे हैं। विशेषज्ञों ने वायरस के इस दक्षिण अफ्रीकी रूप के सामने आने के बाद देश में महामारी की दूसरी लहर और बड़े पैमाने पर फैलने की आशंका जताई है।

हैनकॉक ने कहा चिंता की बात यह है कि इन दोनों मरीजों में मिला वायरस का नया रूप ब्रिटेन में हाल ही में मिले वायरस के एक अन्य रूप से भी ज्यादा संक्रामक है और ऐसा लग रहा है कि यह पहले वाले रूप से ही म्यूटेट हुआ है। उन्होंने कहा, सरकार ने दक्षिण अफ्रीका से आवागमन पर तत्काल रोक लगा दी है और पिछले 15 दिन में वहां से आने वाले सभी लोगों को जांच के बाद क्वारंटीन में भेजने के आदेश जारी कर दिए हैं।

दक्षिण अफ्रीका में पहले ही इस नए म्यूटेशन के मामले पहले ही मिल गए थे। वैज्ञानिकों ने पाया कि हाल ही में दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के मामलों में तेजी इसी नए म्यूटेशन की वजह से हुई थी। दक्षिण अफ्रीका से आया नया कोरोना, ब्रिटिश में पाए गए नए कोरोना से ज्यादा संक्रामक है।
दक्षिण अफ्रीका के स्वास्थ्य मंत्री ने ट्वीटर पर जानकारी दी कि इस नए वेरियंट का नाम 501.V2 है। दक्षिण अफ्रीका ने पाया कि नए वेरियंट से बिना को-मोरबिटीडीज वाले युवा लोग ज्यादा संक्रमित हो रहे हैं। पहले ये वेरियंट समुद्री तटों के पास पाया गया था, इसके बाद शहर में आया।

ब्रिटेन, जर्मनी, स्विट्जरलैंड, तुर्की, इस्राइल और मॉरिशस ने दक्षिण अफ्रीका से आने वाली उड़ानों पर प्रतिबंध लगा दिया है। उधर, ब्रिटेन में हाल ही में मिले कोरोना वायरस के नए रूप के चार मामले इस्राइल में मिले हैं। बुधवार को इस्राइल के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की। ऑस्ट्रेलिया ने भी अपने यहां नए वायरस के संक्रमित मिलने की बात कही है।

 

You cannot copy content of this page