Google Analytics —— Meta Pixel

डंपर ने महिला को कुचला, पुलिस पर 250-300 की भीड़ ने किया हमला

damfar me aag

यूपी। कानपुर के बिधनू में गुरुवार शाम खनन में लगे डंपर से कुचलकर महिला की मौत के बाद बवाल हो गया। 250 से 300 लोगों की भीड़ ने डंपर के अवैध खनन में लगे होने का आरोप लगाकर कुरिया पुलिस चौकी पर हमला बोलकर पथराव किया। चौकी में आग लगा दी। इससे फर्नीचर और बाइकें जलकर राख हो गईं। बाहर खड़े तीन डंपरों को भी फूंक दिया। पुलिसकर्मियों पर पथराव किया।

इसमें एक दीवान जख्मी हो गया। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। डेढ़ घंटे चले बवाल के बाद लोग शांत हुए। तब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बिधनू के कुल्हौली गांव निवासी माया पाल (45) बुधवार को अपने मायके घुरुआखेड़ा गई थीं। गुरुवार शाम करीब छह बजे वो बुआ के बेटे चंद्रशेखर के साथ बाइक से ससुराल लौट रही थीं।

कुरिया चौकी के सामने बाइक फिसलने से माया सड़क पर गिर गईं। उसी समय पीछे से आ रहा डंपर उनका सिर कुचलते हुए निकल गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलते ही सैकड़ों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। शव रखकर प्रदर्शन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने जब हटाने का प्रयास किया तो भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। पुलिसकर्मी चौकी में घुस गए।

भीड़ ने चौकी में घुसकर तीन बाइकों में आग लगा दी। पुलिसकर्मियों पर जमकर पथराव किया। तीन डंपरों को भी आग के हवाले कर दिया। जानकारी पर एसपी ग्रामीण, समेत दस थानों की फोर्स पहुंचा। पुलिस के पहुंचते ही लाठीचार्ज हुआ तो भीड़ तितर-बितर हुई। रात करीब आठ बजे शव को परिजनों ने उठाया। तब पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। चौकी इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है।

जला हुआ डंपर

तीन पुलिसकर्मियों की बाइकें जलाईं
डंपर के अवैध खनन में लगे होने का आरोप लगाते हुए भीड़ पहले शव रखकर प्रदर्शन कर रही थी। जब चौकी पुलिस ने हटाने का प्रयास किया तो लोग भड़क गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। पीछे से पथराव करने लगे। चौकी में सैकड़ों लोग घुस गए। जमकर तोड़फोड़ की। पुलिसकर्मी जान बचाकर वहां से भागे। इसके बाद उपद्रवियों ने आगजनी की, जिसमें दीवान यासीन, नीलेश और सिपाही प्रमोद की बाइकें जल गईं। वहीं पुलिस ने दावा किया है कि डंपर अवैध खनन नहीं, बल्कि डीएफसी के लिए मिट्टी की ढुलाई में लगा था।

पथराव में दीवान यासीन जख्मी हो गए। हेलमेट पहनने की वजह से गंभीर चोट लगने से बच गए। इसके अलावा तीन चार पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। पुलिस ने लाठीचार्ज किया तो बवाल करने वाले कई लोग भी घायल हुए। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। हादसा करने वाले डंपर के मालिक को पुलिस ने बुलाया है। उस पर भी कार्रवाई होगी।

महिला की मौत के बाद उग्र भीड़ ने आगजनी और पथराव किया, जिसमें एक दीवान घायल हुआ है। बवाल करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। कई हिरासत में लिए गए हैं। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।