दुर्ग में 23 सेंटरों पर होगा वैक्सीनेशन, अरुण वोरा के आग्रह पर सिंहदेव ने दिए बेड बढ़ाने के निर्देश

16170967986062f05e7ac8b9.18765062.jpeg

दुर्ग। कांग्रेस विधायक अरुण वोरा तीन दिनों में दूसरी बार सीएमएचओ कार्यालय समीक्षा करने पहुंचे। शहर में तेजी से फैल रहे संक्रमण को काबू करने की रणनीति बनाने बैठक हुई। बैठक में महापौर धीरज बाकलीवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ गंभीर सिंह ठाकुर, निगम आयुक्त हरेश मंडावी शामिल हुए। विधायक वोरा ने मौके पर से ही स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से बात करते हुए शहर में विस्फोटक रूप ले रहे कोरोना की वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए अस्पतालों में ऑक्सीजन एवं आईसीयू बेड बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पॉजिटिव मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। स्थिति भयावह ना हो उसके लिए हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने की आवश्यकता है। कोरोना से संक्रमण की टेस्टिंग, इलाज और वैक्सीनेशन तीनों मोर्चों पर सुदृढ व्यवस्था करना जरूरी है। इसके लिए बिस्तरों के अलावा टेस्टिंग एवं वैक्सीनेशन सेंटरों को भी बढ़ाया जाए। वोरा के आग्रह पर सिंहदेव ने सीएमएचओ डॉ ठाकुर को प्रतिदिन आ रहे केसेस से तीन गुना अधिक बिस्तरों की व्यवस्था करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रति 1000 पॉजिटिव केस पर 3000 बिस्तरों की व्यवस्था होनी चाहिए।

साथ ही वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ाने के भी निर्देश दिए। स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप के बाद शहर में 4 की जगह अब 23 स्थानों में टीकाकरण की सुविधा मिलेगी। इनमें शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धमधा नाका, बघेरा एवं पोटियकला के अलावा शहरी स्वास्थ्य केंद्र गया नगर, शिक्षक नगर, तकियापरा, शंकर नगर, कसार समाज भवन के पीछे वार्ड 9, 10, शक्तिनगर, सिंधिया नगर कुशाभाऊ ठाकरे भवन के पास, वार्ड 24 आंगनबाड़ी के पास, सुभाष स्कूल के पास, पोलसाय पारा, शनिचरी बाजार, गंजमंडी के पीछे, वार्ड 42,43,44 अम्बेडकर भवन, विवेकानंद भवन, बोरसी जोन कार्यालय, पुलगांव, उरला वार्ड कार्यालय, कातुलबोड, आयुष बिल्डिंग जिला अस्पताल, व जेआरडी भवन जिला अस्पताल सहित कुल 23 सेंटर शामिल हैं। बैठक में निगम के कार्यपालन अभियंता मोहनपुरी गोस्वामी, एमआईसी मनदीप भाटिया, पूर्व पार्षद राजेश शर्मा एवं एल्डरमैन अंशुल पांडेय मौजूद थे।

रीसेंट पोस्ट्स