Google Analytics —— Meta Pixel

देश में बीते 24 घंटे में 1.31 लाख केस, सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 9,79,608 पहुंची

corona second wave

नई दिल्ली । देश में कोरोना वायरस के आंकड़े बहुत तेजी से फैल रहे हैं और प्रतिदिन सामने आने वाले आंकड़े भयावह हैं। देश में लगातार तीसरे दिन कोरोना वायरस के एक लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में बीते 24 घंटे में 1.31 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं। वहीं बीते 24 घंटे में 61,899 मरीज ही कोरोना वायरस से ठीक हुए हैं और 780 मरीजों ने इस खतरनाक वायरस के आगे दम तोड़ा है। देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 9,79,608 हो गई है और वहीं मृतकों की संख्या 1,67,642 हो गई है।
बता दें कि जब से देश में कोरोना महामारी की शुरुआत हुई है, तब से लेकर अबतक ये कोरोना का सर्वाधिक मामला है। इससे पहले बुधवार को 1.26 से ज्यादा मामले सामने आए थे। वहीं मंगलवार को भी कोरोना के दैनिक मामलों की संख्या 1.15 लाख से ज्यादा दर्ज की गई थी। देश में कोरोना के सक्रिय मामले लगातार बढ़ रहे हैं। मौजूदा समय में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर नौ लाख से ज्यादा हो गई है। देश में कोरोना से ठीक होने की दर घटकर 91.67 फीसदी और सक्रिय मामलों की दर बढ़कर 7.04 फीसदी हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को कोरोना वायरस से 802 मरीजों की मौत हुई थी।
देश में अब तक 25.26 करोड़ लोगों की जांच हुई
देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच तेजी से कोविड जांच भी की जा रही है। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के मुताबिक, देश में 7 अप्रैल तक 25,26,77,379 नमूनों की कोविड जांच की जा चुकी है, जिनमें से 12,37,781 नमूनों की गुरुवार को जांच की गई है।