BSP समेत सेल की सभी यूनिट में कर्मियों और यूनियनों ने किया काम बंद, करीब 55% कर्मचारी हड़ताल पर

शेयर करें

भिलाई :-  भिलाई स्टील प्लांट (BSP) समेत सेल की सभी यूनिट में कर्मियों और यूनियनों ने काम बंद कर आंदोलन शुरू कर दिया है। वेज रिवीजन समेत अन्य मांगों को लेकर यह आंदोलन जारी है। चरणबद्ध तरीके से पांच दिनों से कर्मियों का यह आंदोलन चल रहा है। विभिन्न गेटों पर यूनियन के लोग कर्मियों का रास्ता बंद कर उन्हें रोका है।

वहीं, BSP में हड़ताल के दौरान उत्पादन प्रभावित ना हो उसके लिए प्रबंधन ने अपनी तैयारियां कर रखी है। जनरल शिफ्ट के कर्मचारियों को नाईट/प्रथम पाली में ही बुला लिया गया है। बावजूद इसके BSP की प्रमुख यूनिटें बंद हैं, जिससे प्रोडक्शन पर असर पड़ना तय माना जा रहा है, क्योंकि करीब 55% कर्मचारी हड़ताल पर हैं। यूनियन के साथ इस हड़ताल में कोरोना संक्रमण काल में मृत 5 BSP कर्मियों के परिजन भी शामिल हैं। हड़ताल के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल, CISF की चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। प्रदर्शनकारी जमकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, सड़क पर लेट कर भी विरोध जता रहे हैं।

BSP प्रबंधन के खिलाफ बढ़ रहा आक्रोश
कर्मचारी नेता योगेश सोनी ने बताया कि जनवरी 2017 से वेज रिवीजन का मामला पेंडिंग है। कई दौर की बातचीत हो गई, लेकिन कर्मियों और प्रबंधन के बीच सहमति नहीं बनी। अगर वेज रिवीजन लागू हुआ तो कम से कम एक कर्मचारी को 10 से 12 हजार रुपए मासिक फायदा होगा, अधिकतम 20 से 22 हजार रुपए कर्मियों की सैलरी बढ़ जाएगी। इस बार कर्मियों की सैलरी से जुड़ा होने की वजह से कर्मचारी आपने आप आंदोलन में भाग ले रहे हैं। सेल-BSP प्रबंधन के खिलाफ लगातार कर्मियों में आक्रोश बढ़ रहा है।

आंदोलन को देखते हुए BSP प्रबंधन ने भी अपनी तैयारी की है। कर्मचारियों की शिफ्ट को बदल दिया गया है। इस आंदोलन में कर्मचारी यूनियन सीटू, बीएमएस, एचएमएस, श्रमिक मंच, स्टील वर्कर्स यूनियन, एटक, हिट्स समेत अन्य आंदोलन में शामिल हैं।

You cannot copy content of this page