Google Analytics —— Meta Pixel

युवक ने शराब के नशे में किया ड्रामा, खुद को बताया डीजी और आईजी का रिश्तेदार

sharab

दुर्ग। दुर्ग के स्मृति नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक ने शराब के नशे में ड्रामा किया। लगभग डेढ़ से दो घंटे तक चले उसके ड्रामेबाजी से लोग ही नहीं बल्कि पुलिस भी खासी परेशान हो गई। शराबी ने खुद को डीजी और आईजी का रिश्तेदार बताया और लोगों धमकाना शुरू कर दिया। फिर खुद ही 112 पर फोन कर पुलिस को भी बुला लिया। डायल-112 टीम मौके पर पहुंची तो वह आईजी और डीजी का नाम सुनकर डर गई। उन्होंने थाने में सूचना दी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

सुपेला टीआई सुरेश ध्रुव ने बताया कि बजरंग पारा जुनवानी निवासी संदीप शर्मा (25) की नंदनी में गिट्टी खदान है। शनिवार देर रात लगभग 12.30 बजे वह अपने मोहल्ले पहुंचा और शिवकुमार यादव के घर का दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगा। जब घर वाले बाहर निकले तो वह उनके साथ गाली गलौज करने लगा। संदीप काफी नशे में था और झूम रहा था। उसके गाली गलौज की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा होने लगे। जब लोगों ने उसका विरोध किया तो उनसे खुद को डीजी और आईजी का रिश्तेदार और दोस्त बताने लगा। उसने लोगों को पुलिसिया कार्रवाई कराने की धमकी दी।

राहगीरों से छीनी गाड़ी की चाबी

संदीप इतने नशे में था कि वह सभी लोगों को गाली दे रहा था। इस दौरान उस रास्ते जो भी राहगीर गुजरता वह उसे रोककर उसकी गाड़ी की चाबी भी छीनने लगा। यदि कोई उसका विरोध करता तो वह उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई की धमकी देता। लगभग डेढ़ से दो घंटे तक चले इस ड्रामे को शांत कराने के लिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया और थाने ले गई। बाद में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

रीसेंट पोस्ट्स