Google Analytics —— Meta Pixel

CG विधानसभा चुनाव 2023 : दुर्ग जिले की 6 सीटों पर 1 बजे तक 37 प्रतिशत मतदान, CM  भूपेश, विजय बघेल ,अरुण वोरा ने डाला वोट

1

दुर्ग (चिन्तक)। जिले की 6 विधानसभा सीटें दुर्ग ग्रामीण, दुर्ग शहर, भिलाई नगर, पाटन, अहिवारा और वैशाली नगर में शुक्रवार 17 नवंबर को सुबह 8 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है, जो कि शाम 5 बजे तक चलेगी। 3 दिसंबर को इसके नतीजे आएंगे। कुल 1485 मतदान केंद्रों में करीब 30 हजार से अधिक बीएलओ की ड्यूटी लगी है। जिले में 14 लाख 32 हजार मतदाता हैं। जिले में 1 बजे तक 37 प्रतिशत मतदान हुआ है।

भिलाई निगम के वार्ड-1 खम्हरिया के बूथ क्रमांक में मशीन खराब होने की वजह से मतदान शुरू नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों की माने तो 100 से ज्यादा लोग कतार में खड़े रहे। करीब 2 घंटे तक मशीन खराब रही। भिलाई पाटन विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सपरिवार पाटन के कुरूदडीह में बने मतदान केंद्र में मतदान किया।

भूपेश बघेल ने लोगों से भी मतदान करने की अपील की है। बघेल ने आम जनता के साथ लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर वोट किया। भिलाई नगर से बीजेपी प्रत्याशी प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने सेक्टर 9 इंग्लिश मीडियम स्कूल वोट डाला। वही भिलाई नगर विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने पत्नी श्रुतिका ताम्रकार के साथ मतदान किया।

दुर्ग शहर से कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा और भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र यादव का वोटिंग के दौरान आमना-सामना हो गया। वहीं बीएसएफ और सीआरपीएफ, आईटीबीपी, और सेंट्रल आर्म फोर्स के अलावा सभी पैरामिलिट्री फ़ोर्सेस को तैनात किया गया है। इनमें से 735 मतदान केंद्रों में लाइव स्ट्रीमिंग की भी सुविधा दी गई है। जिसके माध्यम से केंद्रीय निर्वाचन आयोग इनकी निगरानी कर सकेगा।