मोबाइल चोरी की रिपोर्ट कराने पहुंचे युवक से मारपीट और ₹5 हजार वसूली का आरोप, शिकायत के बाद मस्तूरी TI पर कार्रवाई

rishvat

बिलासपुर : बिलासपुर में मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे फेरी लगाने वाले युवक ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट और 5 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जेब में रखे 2 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद कथित तौर पर 3 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए गए।

पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में की है। शिकायत सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मस्तूरी थाना प्रभारी सलीम खाखा को हटा दिया है। उनकी जगह निरीक्षक कपिलदेव चंद्रा को मस्तूरी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हालांकि, आदेश में थाना प्रभारी को हटाने का कारण प्रशासनिक बताया गया है।

बिल्हा थाना क्षेत्र के पत्थरखान निवासी नकुल प्रसाद मांडरे गांव-गांव घूमकर साड़ी और कपड़े बेचने का काम करता है। शिकायत के अनुसार, 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे वह सामान लेकर मस्तूरी की ओर निकला था। रास्ते में मस्तूरी पेट्रोल पंप पर उसने पेट्रोल भरवाया और इसके बाद शराब का सेवन किया।

कुछ दूरी आगे जाने के बाद उसने वाहन रोका और नीचे उतरा। इसी दौरान उसे पता चला कि उसकी गाड़ी से मोबाइल चोरी हो गया है। मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह मस्तूरी थाने पहुंचा। वहां उसने मुंशी शिवचरण मरावी को मोबाइल चोरी की जानकारी देने के साथ शराब पीने की बात भी बताई।

पीड़ित का आरोप है कि मुंशी ने उसे एक फॉर्म की फोटोकॉपी बाहर से लाने के लिए कहा। फॉर्म लेकर वापस लौटने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसकी रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी दौरान तीन पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया और बाद में उसे थाने ले जाकर मारपीट की।

नकुल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जिस समय पुलिसकर्मी उसके साथ मारपीट कर रहे थे, उस वक्त थाना प्रभारी सलीम खाखा थाने में मौजूद थे। पीड़ित का दावा है कि टीआई ने पुलिसकर्मियों को रोकने का प्रयास नहीं किया। हालांकि, शिकायत में थाना प्रभारी पर खुद मारपीट करने का आरोप नहीं लगाया गया है।

पीड़ित के मुताबिक, शराब के नशे में होने का हवाला देते हुए पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली। इस दौरान कथित तौर पर उसकी जेब से 2 हजार रुपये निकाल लिए गए और वाहन की चाबी भी रख ली गई।

आरोप है कि उसे छोड़ने के बदले पुलिसकर्मियों ने 3 हजार रुपये और मांगे। इसके बाद कथित दबाव में युवक ने अपनी पत्नी से सूर्य सागर नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर चैट के जरिए 3 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए।

इस तरह पीड़ित ने पुलिसकर्मियों पर कुल 5 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत एसएसपी कार्यालय में किए जाने के बाद मस्तूरी थाना प्रभारी को हटा दिया गया है

रीसेंट पोस्ट्स