चुनाव नतीजे से पहले एक्शन में आई कांग्रेस, बागियों को बाहर का रास्ता

69999998

बस्तर| छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में, कांग्रेस में बगावत करने वालों पर कार्रवाई जारी है। जगदलपुर में अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में, कांग्रेस ने तीन नेताओं को पार्टी से निष्कासित करने का निर्णय लिया है। इसमें पूर्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कमल झज्ज, विक्रम शर्मा, और कुक्की झारी शामिल हैं, जिन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाला गया है।

कांग्रेस के प्रत्याशी जतिन जयसवाल और स्थानीय संगठन के पदाधिकारी ने आला कमान से भीतरघातियों की शिकायत की थी, जिसके निर्देश पर जगदलपुर में शहर जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने 3 नेताओं को 6 साल के लिए पार्टी से बाहर करने का निर्णय लिया है।

पूर्व महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष कमल झज्ज ने डेढ़ वर्ष पहले अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन पार्टी ने उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी। चुनाव के दौरान भी, उन्हें मान मनोबल का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी किरण देव का समर्थन किया और इसके आधार पर कांग्रेस ने निष्कासन का निर्णय लिया है। इसके अलावा, जगदलपुर में विक्रम शर्मा और कुक्की झारी पर भी पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासन की कार्रवाई की गई है।