विराट कोहली: 25 वर्षों में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर

शेयर करें

न्यूज़ रूम| विराट कोहली क्रिकेट जगत का ऐसा नाम जो लोकप्रियता के मामले में क्रिस्टियानों रोनाल्डो तक को टक्कर देता है| कोहली एक ऐसा नाम है जो न सिर्फ क्रिकेट मैदान पर बल्कि इसके बाहर सोशल मीडिया पर भी रोजाना कई रिकॉर्ड बनाते रहते हैं| 35 वर्षीय इस खिलाड़ी के बारे में कहा जाता है कि अगर उनका कोई रिकॉर्ड तोड़ सकता है तो वह खुद कोहली ही हैं| आप सोच रहे होंगे कि, हम यहां कोहली का गुनगान क्यों कर रहे हैं तो चलिए बताते हैं कि क्रिकेट के किंग ने अब कौन-सा रिकॉर्ड अपने नाम किया है|

बता दें कि, कोहली पिछले 25 वर्षों में गूगल पर सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर बन गए हैं| सर्च इंजन कंपनी गूगल ने अपने वार्षिक राउंड-अप के एक भाग के रूप में अब तक के सबसे अधिक सर्च किए गए क्षणों का एक वीडियो साझा किया| इस वीडियो में भारत के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज कोहली को सचिन तेंदुलकर, ब्रायन लारा और अन्य दिग्गजों को पछाड़ते हुए अब तक के सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले क्रिकेटर के रूप में दिखाया गया है| लेकिन, 2023 में भारतीय क्रिकेट के प्रिंस शुभमन गिल और न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रवींद्र स्थानीय व वैश्विक स्तर पर शीर्ष ट्रेंडिंग क्रिकेटरों के रूप में उभरे हैं|

गूगल के ईयर इन सर्च 2023 ब्लॉग पोस्ट में लिखा है कि गिल और रचिन स्थानीय और वैश्विक स्तर पर शीर्ष ट्रेंडिंग क्रिकेटरों के रूप में उभरे हैं| खिलाड़ियों के मामले में इस वर्ष शीर्ष ट्रेंडिंग सर्च की सूची में गिल, रचिन, मोहम्मद शमी, ग्लेन मैक्सवेल, सूर्यकुमार यादव और ट्रैविस हेड भी शामिल हैं| इसके अलावा भारतीय क्रिकेट टीम को दुनिया भर में शीर्ष ट्रेंडिंग क्रिकेट टीम के रूप में स्थान दिया गया, जो वैश्विक खेल टीमों की सूची में जगह बनाने वाली एकमात्र क्रिकेट टीम है|

You cannot copy content of this page