Google Analytics —— Meta Pixel

राम मंदिर पर बनी फिल्म-695 का शो 3 बजे फ्री, भगवा वस्त्र पहनकर पहुंचना होगा थिएटर

695

रायपुर| राम मंदिर निर्माण और इसके संघर्ष पर बनी फिल्म 695 रायपुर के प्रभात टॉकीज में शुक्रवार दोपहर 3 बजे का शो निशुल्क दिखाया जाएगा। ये मौका विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल दे रहा है। लोगों से अपील की गई है कि माथे पर तिलक लगाकर और भगवा वस्त्र पहनकर तय वक्त से 10 मिनट पहले थिएटर पहुंचे। पहले दिन इसका चैरिटी शो रायपुर में आयोजित है।

छत्तीसगढ़ के मेकर्स ने 695 नाम की ये बॉलीवुड फिल्म बनाई है। इसमें एक्टर अरुण गोविल और सिंघम मूवी में नजर आ चुके एक्टर अशोक समर्थ जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म का ट्रेलर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लिखा- यह फिल्म श्रीराम मंदिर के निर्माण के इतिहास के बारे में सत्यता से अवगत कराती है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि इस फिल्म का निर्माण छत्तीसगढ़ के रामभक्तों ने किया है। संघर्ष की इस कहानी को साहस के साथ प्रस्तुत करने के लिए मेरी तरफ से फिल्म की पूरी टीम को बधाई।

खास बात यह है कि उन्हीं लोकेशन पर शूटिंग की गई है, जहां मंदिर आंदोलन से जुड़ी घटनाएं हुई थीं। राम मंदिर आंदोलन को लेकर हुई तमाम ऐतिहासिक घटनाओं को मूवी में शामिल किया गया है। जहां कारसेवकों की हत्या हुई, उसी जगह पर उन दृश्यों को फिल्माया गया है। इस फिल्म में राम मंदिर बनने के पीछे के आध्यात्मिक और राजनीतिक संघर्ष को दिखाया गया है।

निर्माता श्याम चावला ने मूवी के नाम के बारे में बताया कि, राम मंदिर आंदोलन की पहली घटना 6 दिसंबर 1992 की है, जब ढांचा ध्वस्त किया गया था। दूसरी घटना 9 नवंबर 2019 की है, जब सुप्रीम कोर्ट ने रामजन्म भूमि को लेकर रामलला विराजमान के पक्ष में फैसला दिया। तीसरी घटना 5 अगस्त 2020 की है, जब पीएम मोदी ने भव्य राम मंदिर का शिलान्यास किया। इन तीनों घटनाओं की तारीखें जोड़कर ही फिल्‍म का नाम 695 रखा गया है।

रीसेंट पोस्ट्स