दुर्ग जिले में आधी रात घर में घुसकर बुजुर्ग दंपति से मारपीट कर लूट लिए लाखों के गहने

शेयर करें

दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में बुजुर्ग दंपति से लूट का मामला सामने आया है। घटना 28 व 29 मार्च की दरमियानी रात की बताई जा रही है। बुजुर्ग दंपति अपने घर पर सोए थे। आधीरात को चार नकाबपोश घर में घुसे और डंडे से मारपीट कर लाखों के गहने व नगदी लूटकर ले गए। इस मारपीट में बुजुर्ग दंपति को चोट भी आई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने धारा 394, 457, 34 के तहत मामला दर्ज किया। फिलहाल लुटेरों की तलाश की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार धमधा थाना अंतर्गत ग्राम पेण्ड्री (गोबरा) में हाई स्कूल के सामने अपने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला बैसाखिन साहू अपने पति गन्नू राम साहू के साथ प्रधान मंत्री आवास योजना के तहत बने आवास में रहती है। रिटायर्ड दंपति पिछले 10 वर्षों से पेंशन पर गुजारा कर रही है। दंपति के दो बेटे हैं जो उनकी ढाई एकड़ जमीन पर खेती करते हैं वे बस्ती में अलग मकान में रहते हैं।

घटना दिनांक 28 मार्च की रात को बैसाखिन साहू अपने पति के साथ नए मकान में थी। खाना खाने के बाद दोनों सो गए। आधी रात को घर के बाहर हलचल हुई। चुंकि मकान नया बना है तो खिड़की में दरवाजा नहीं था बल्कि ईंटों से ढक दिया गया। इस बीच खिड़की की ईंटे हटाकर चार लोग घर के भीतर दाखिल हुए। इनमें से एक ने बुजुर्ग महिला का मुंह दबा दिया। बीच बचाव करने पति आया तो उसके भी एक युवक ने पकड़ लिया। घर में घुसे चारो चोर नकाब में थे और बांस के डंडे से मारपीट भी की।

मारपीट करते हुए एक ने बुजुर्ग महिला के गले से सोने की 5 नग पत्ती 1 तोला, नाक की सोने की फुल्ली 1 ग्राम, दोनो कान से सोने का खिनवा(टाप्स) 3-3 ग्राम, दोनों हाथ से चांदी की ऐंठी 20 तोला, कमर से चांदी का करधन 40 तोला ,पैर से चांदी का लच्छा 40 तोला व घर पर रखा 10000 रुपए नगदी भी ले भागे। मारपीट के कारण बुजुर्ग महिला के पति के सिर में चोट आई। चोरों के भागने के बाद महिला ने पड़ोसी को आवाज देकर बुलाया और 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल ले जाया गया। महिला का प्राथमिक उपचर हुआ लेकिन उसके पति को दुर्ग जिला अस्पताल रेफर किया गया। इधर घटना की सूचना के बाद धमधा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच पड़ताल की। पुलस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल उनकी तलाश की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स

You cannot copy content of this page