Google Analytics —— Meta Pixel

अपहरण मामलें का शातिर आरोपी हथकड़ी सहित पुलिस कस्टडी से हुआ फरार, तलाश जारी

Untitled

बालोद। बालोद जिला में एक अपहरण का आरोपी पुलिस कस्टडी से हथकड़ी सहित फरार हो गया। बताया जा रहा है कि कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी कर रात के वक्त थाने लायी थी। जहां से आरोपी ने हथकड़ी लगे होने के बाद भी पुलिस जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। उधर एएसपी अशोक जोशी ने बताया कि आरोपी पुलिस जवान को धक्का देकर फरार हुआ था, जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वहीं इस मामले में दोषी पुलिस जवानों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जायेगी।

गौरतलब है कि बालोद जिले में पुलिस विभाग के दिन अभी अच्छे नही चल रहे है। कोतवाली पुलिस जहां मौजूदा वक्त में दो अंधे कत्ल के मामले को सुलझाने में उलझी हुई है। वहीं दूसरी ओर अपहरण के मामले का एक आरोपी थाने में पुलिस हिरासत से ही चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि साल 2020 में हुए अपहरण के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया था। देर शाम की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को दूसरे दिन न्यायायल में पेश करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान रात के वक्त आरोपी थाने में पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को हथकड़ी भी लगा रखा था।

लेकिन आरोपी इतना शातिर निकला कि वह हथकड़ी सहित ही थाने से जवानों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही थाना स्टाफ के हाथ-पांव फूल गये। आनन फानन में फरार आरोपी कि फिर से तलाश शुरू की गयी। लेकिन आज घटना के 72 घंटे बाद भी पुलिस को आरोपी का सुराग नही मिल सका है। उधर इस घटना के बाद अब पुलिस अधिकारी दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की दलील दे रहे है। एएसपी अशोक जोशी ने बताया कि आरोपी को पुलिस जवानों ने हथकड़ी लगा रखा था। बावजूद इसके आरोपी ने मौका देखकर पुलिस जवान को धक्का मारकर मौके से फरार हो गया। कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।