कल मतदान, 20 लाख मतदाता चुनेंगे दुर्ग का नया सांसद, भाजपा के विजय बघेल व कांग्रेस के राजेन्द्र साहू के बीच सीधा मुकाबला

शेयर करें

दुर्ग (चिन्तक)। लोकसभा चुनाव 2024 अंतर्गत संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 07 दुर्ग में तीसरे चरण में 07 मई 2024 दिन मंगलवार को मतदान होगा। 20 लाख 90 हजार 414 मतदाता चुनेंगे सांसद संसदीय क्षेत्र दुर्ग में 09 विधानसभा क्षेत्र (62 पाटन, 63 दुर्ग ग्रामीण, 64 दुर्ग शहर, 65 भिलाई नगर, 66 वैशाली नगर, 67 अहिवारा, 68 साजा, 69 बेमेतरा, 70 नवागढ़) शामिल है। मतदान केन्द्रों की संख्या 2223 है। सहायक मतदान केन्द्रों की संख्या 36 (29 जिला दुर्ग, 07 जिला बेमेतरा) है। लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र अंतर्गत मतदाताओं की संख्या 2090414 है। जिसमें पुरूष 1042000 मतदाता, महिला 1048360 एवं अन्य 54 मतदाता है। आयु वर्ग के अनुसार मतदाताओं की संख्या 18 से 19 वर्ष के 56330, 20 से 29 वर्ष के 460852, 30 से 39 वर्ष के 620513, 40 से 49 वर्ष के 416849, 50 से 59 वर्ष के 294945, 60 से 69 वर्ष के 153535, 70 से 79 वर्ष के 68935 और 80 प्लस वर्ष के 18445 मतदाता है।

मतदान दलों को सामग्री वितरण/वापसी विधानसभा क्षेत्र 63 दुर्ग ग्रामीण एवं 67 अहिवारा के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज दुर्ग को मतदान सामग्री वितरण केन्द्र बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र 62 पाटन, 64 दुर्ग शहर 68 साजा (आंशिक), 69 बेमेतरा (आंशिक) के लिए मानस भवन दुर्ग को मतदान सामग्री वितरण केन्द्र बनाया गया है। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 65 भिलाई नगर एवं 66 वैशाली नगर के लिए शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय दुर्ग (साईंस कॉलेज दुर्ग ) को मतदान सामग्री वितरण केन्द्र बनाया गया है। श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज जुनवानी भिलाई में मतदान सामग्री वापसी, स्थल, मतगणना एवं स्ट्रांग रूम बनाया गया है। विधानसभा 68 साजा (आंशिक) तथा 69 बेमेमतरा (आंशिक) के क्रमश: 101 तथा 22 मतदान केन्द्रों की सामग्री का वितरण मानस भवन दुर्ग से किया जाएगा तथा वापसी श्री शंकराचार्य इंजीनियरिंग कॉलेज जुनवानी में होने के उपरांत कृषि उपज मंडी बेमेतरा को भेजा जाएगा। जिसकी मतगणना जिला निर्वाचन अधिकारी बेमेतरा द्वारा की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी से मौजूदा सांसद विजय बघेल उम्मीदवार है। श्री बघेल ने पिछला लोकसभा चुनाव लगभग साढे चार लाख से अधिक मतों के अंतर से जीता था। श्री बघेल के साथ मोदी लहर का मजबूत आधार है इसके अतिरिक्त राज्य में भाजपा की सरकार व दुर्ग लोकसभा की 9 सीटों मेंं से 7 सीटो पर भाजपा के विधायकों की ताकत के साथ संगठन की लंबी चौड़ी फौज है। राज्य में भाजपा की सरकार के कामकाज का भी पूरा लाभ उन्हें मिलने की संभावना है किसानो को एक मुश्त धान खरीदी का भुगतान व महतारी वंदन योजना का लाभ भी उनके लिए लाभदायी है। दुर्ग लोकसभा की जिन सीटों पर भाजपा के विधायक नही है वहां भी भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत के साथ जुटी हुई है। इस बार श्री बघेल को जनता का कितना आशीर्वाद मिलेगा यह कल मतदान के बाद ही पता चल सकेगा।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से युवा व नये चेहरे के रूप में राजेन्द्र साहू प्रत्याशी है। श्री साहू युवा अवस्था से राजनीति व समाजसेवा में सक्रिय है। दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में राज्य के गठन के बाद राष्ट्रीय दल से साहू समाज का जो भी व्यक्ति उम्मीदवार रहा है उसे अब तक जीत मिलती रही है। भाजपा से स्व. ताराचंद साहू व कांग्रेस से ताम्रध्वज साहू इसके उदाहरण है। इसका मुख्य कारण दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में साहू समाज की बहुलता रहा है। अब कांग्रेस ने राजेन्द्र साहू को मैदान में उतारा है। श्री साहू को समाज का पूरा समर्थन मिलने की उम्मीद है इसके अतिरिक्त श्री साहू कुर्मी समाज में भी बेहद लोकप्रिय है। संख्या के मामले में कुर्मी समाज दुर्ग में साहू समाज के बाद दूसरे नंबर पर है। इसके साथ साथ सतनामी समाज, मुस्लिम समाज का समर्थन भी मिलने का भरोसा है। श्री साहू भाजपा को कड़ी टक्कर दे रहे है।

You cannot copy content of this page