दंतेवाड़ा| छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने सरपंच पद के उम्मीदवार जोगा बारसे की बेरहमी से हत्या कर दी। गुरुवार रात हथियारबंद नक्सली उनके घर में घुसे और परिवार के सामने ही उनकी गला रेतकर जान ले ली। जोगा बारसे पहले सीपीआई से जुड़े थे, लेकिन कुछ साल पहले उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।

यह घटना अरनपुर थाना क्षेत्र में घटी।जोगा बारसे अरनपुर के सरपंच पारा में रहते थे। बीती रात बड़ी संख्या में नक्सली उनके घर पहुंचे। कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और सबके सामने उनकी हत्या कर दी। नक्सलियों ने चुनाव का विरोध जताया और वारदात के बाद जंगल की ओर चले गए। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले में बीते चार दिनों में नक्सलियों ने चार लोगों की गला रेतकर हत्या कर दी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, जोगा बारसे अपने क्षेत्र के प्रभावशाली आदिवासी नेता थे। वे पिछले 25 वर्षों से राजनीति में सक्रिय थे। जब सरपंच पद महिला आरक्षित होता था, तब उनकी पत्नी चुनाव लड़ती थीं, और जब सामान्य होता, तो वे स्वयं चुनाव में खड़े होते और जीतते थे।

साल 2000 से अब तक अरनपुर पंचायत में सरपंच पद पर दोनों ही रहे। इसके अलावा, जोगा एक बार जनपद सदस्य भी रह चुके थे। उन्होंने 2018-19 के दौरान कांग्रेस की सदस्यता ली थी। महज दो दिनों में नक्सलियों ने तीन और लोगों की हत्या कर दी है। हाल ही में, एक ग्रामीण को घर से उठा ले जाकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई थी। उस पर पुलिस का मुखबिर होने का आरोप लगाया गया था। शव को गांव के बाहर फेंक दिया गया था। यह घटना अरनपुर थाना क्षेत्र के ककाड़ी गांव की थी।