Google Analytics —— Meta Pixel

नागल को अमेरिकी ओपन के मुख्य ड्रॉ में प्रवेश मिला

न्यूयार्क । भारत के युवा टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को 31 अगस्त से शुरू हो रहे अमेरिकी ओपन टेनिस के एकल मुख्य ड्रॉ में सीधे प्रवेश मिल गया है। कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए विश्व के कई शीर्ष खिलाड़ियों ने इस ग्रैंडस्लैम से पहले ही अपना नाम वापिस ले लिया है। विश्व के 127वें नंबर के खिलाड़ी नागल को 128 खिलाड़ियों की फील्ड में सीधे प्रवेश मिला है। नागल इसमें एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जबकि रैंकिंग में 132वें स्थान रहे प्रजनेश गुणेश्वरन इसमें जगह नहीं बना पाये हैं। गत वर्ष नागल ने पहली बार यहां खेलते हुए रोजर फेडरर के खिलाफ मुकाबले में एक सेट जीता था। वह हालांकि 6-4, 1-6, 2-6, 4- 6 से हार गए थे। गत चैंपियन राफेल नडाल ने कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए अपना नाम वापस ले लिया है। वहीं स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर भी घुटने की सर्जरी के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा पूर्व चैम्पियन स्टान वावरिंका, फेबियो फोगनिनी, गाएल मोंफिल्स के अलावा निक किर्गियोस ने भी नाम वापिस ले लिया है।