Google Analytics —— Meta Pixel

आईपीएल उदधाटन समारोह के लिए बायो-बबल तैयार

18-10 (1)

कोरोना महामारी के कारण लगी पाबंदियों को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की प्रदेश इकाइयों के प्रतिनिधि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 19 सितंबर से शुरू हो रही इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के उदघाटन समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे। कोरोना महामारी को देखते हुए इस बार आईपीएल के लिए जैविक सुरक्षित माहौल (बायो-बबल) तैयार किया गया है और ऐसे में कड़ी पाबंदियां लगायी गयी हैं। बोर्ड सचिव जय शाह ने सदस्य संघों को यह जानकारी दी हालांकि शाह को उम्मीद है कि टूर्नामेंट के अंतिम चरण तक पाबंदियों में कुछ राहत मिल सकती है जिससे ये प्रतिनिधि यूएई जा सकेंगे। आईपीएल का खिताबी मुकाबला 10 नवंबर को खेला जाएगा। गौरतलब है कि बीसीसीआई अपने प्रदेश संघों के अधिकारियों को आईपीएल समारोहों और प्लेऑफ के लिए आमंत्रित करता है। बीसीसीआई सचिव शाह ने प्रदेश संघों को भेजे पत्र में लिखा, ‘मुझे भरोसा है कि यह टूर्नामेंट यादगार टूर्नमेंट होगा हालांकि शुरुआत में सभी सदस्यों की कमी खलेगी। सभी को मालूम है कि बीसीसीआई आईपीएल के शुरुआती समारोह के साथ ही लीग मैचों में प्रदेश इकाइयों के अध्यक्षों, सचिवों और अपने पूर्व पदाधिकारियों को आमंत्रित करता है।’
इस बार देश में कोरोना वायरस महामारी बढ़ने से यह टूर्नामेंट यूएई में हो रहा है और इसमें सभी को बीसीसीआई के दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन करना होगा। इसके लिए सभी टीमें छह दिन के पृथकवास में हैं। शाह ने कहा, ‘लोगों की गतिविधियों पर लगे कड़े प्रतिबंधों और स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के चलते हम हमेशा की तरह सभी को आमंत्रित नहीं कर सकते, उम्मीद है कि अगले चरण में इसमें राहत मिलने पर आप यहां आ पायेंगे।’