निगम प्रशासन आज पुलिस फोर्स के साथ हरनाबांधा तालाब के 254 कब्जेधारियों को देंगे नोटिस
दुर्ग। एनजीटी के आदेश बाद निगम प्रशासन हरनाबांधा तालाब के कब्जेधारियों के खिलाफ कार्रवाई करने जा रही है. उन्हें जगह खाली करने नोटिस जारी की जा रही है. बीते दो बार से निगम के कर्मी नोटिस लेकर कब्जेधारी के पास जा तो रहे हैं लेकिन कब्जेधारी एकजुट होकर कर्मियों को घेर लेते हैं.
कब्जेधारियों को संख्या 254 है और उन्हें वार्ड के पार्षद और अन्य लोगों का समर्थन मिलने से निगम कर्मी भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं. यही वजह रही कि दोनों बार उन्हें बिना नोटिस थमाए ही लौटना पड़ा. अब सोमवार यानि 28 जुलाई को निगम का अमला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर जाएगा ताकि विरोध करने वालों से निपटा जा सके. पुलिस फोर्स को साफ आदेश दिया गया है कि इस बार नोटिस थमाने के दौरान किसी ने भी विरोध करने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करें.
बता दें कि बीते गुरुवार को निगम का अमला जब हरनाबांधा तालाब में नोटिस देने पहुंचा, उस वक्त तो विरोध के चलते अमला बैरंग लौट गया. उसके दूसरे दिन यानि शुक्रवार को पार्षद के नेतृत्व में कब्जेधारी पहले आयुक्त सुमीत अग्रवाल के पास पहुंचे. उन्होंने नोटिस का विरोध करते हुए कार्रवाई रोकने मांग की. आयुक्त ने इससे इंकार कर दिया तो वे कलेक्टर अभिजीत सिंह से मिलने पहुंच गए. यहां भी उन्हें राहत नहीं मिली. इसके बाद प्रशासन ने कब्जेधारियों से सख्ती से निपटने का निर्णय लिया और नोटिस थमाने निगम कर्मियों के साथ पुलिस जवान भी भेजे जाएंगे.