Google Analytics —— Meta Pixel

765 एकड़ जमीन में गड़बड़ी: भुइंया सॉफ्टवेयर हैक कर 36 लाख रुपये का लोन निकालने वाला आरोपी गिरफ्तार

farji

दुर्ग। भुइंया सॉफ्टवेयर हैकिंग और जमीन के फर्जी बंटवारे से जुड़े बड़े फर्जीवाड़े का नंदिनी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी नंद किशोर साहू, निवासी सेक्टर-05, भिलाई को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय स्टेट बैंक, नंदिनी शाखा से 36 लाख रुपये का लोन निकालकर रकम अपनी प्राइवेट कंपनी में इन्वेस्ट कर दी।

यह मामला थाना नंदिनी नगर क्षेत्र के पटवारी हल्का नंबर 16 के ग्राम अछोटी और मुरमुंदा का है। यहां आरोपियों ने ऑनलाइन राजस्व अभिलेख में फर्जीवाड़ा कर भारतीय स्टेट बैंक, नंदिनी नगर शाखा से 36 लाख रुपये का लोन ले लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी दिनू राम यादव और उसके साथी एस राम बंजारे ने षड्यंत्र रचते हुए मूल खसरा नंबर में छेड़छाड़ कर नए खसरा नंबर बनाए और बैंक को झूठे दस्तावेज पेश किए।

जांच के दौरान पता चला कि लोन की रकम का बड़ा हिस्सा नंद किशोर साहू निवासी भिलाई के खाते में ट्रांसफर हुआ था। साहू ने इस राशि में से लगभग 20 लाख रुपये अपनी निजी कंपनी भिलाई-दुर्ग फार्मर प्रोड्यूसर कम्पनी में निवेश कर दिया। पुलिस ने उसे 27 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 3(5) बीएनएस और 66(सी) आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे और भी खुलासे हो सकते हैं।