दुर्ग में 2 से 4 नवंबर तक राज्योत्सव का होगा आयोजन, कलेक्टर ने लिया तैयारियों का जायजा
दुर्ग। जिले में 2 से 4 नवंबर तक तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गंजपारा स्थित पुरानी गंज मंडी परिसर में होगा। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मंच निर्माण, विभागीय स्टॉल, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और अन्य सभी व्यवस्थाओं को समय पर और सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव जिले के गौरव, संस्कृति और जनभागीदारी का प्रतीक है, इसलिए सभी विभाग मिलकर इसे सफल बनाएं।
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आम जनता को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग नि:शुल्क जांच शिविर लगाएगा, जिसमें टीबी, सिकलिंग, हीमोग्लोबिन, बीपी, शुगर, नेत्र परीक्षण जैसी सामान्य जांचें होंगी। साथ ही, आयुष्मान कार्ड और वय वंदन कार्ड भी बनाए जाएंगे।
बिजली विभाग प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत नागरिकों का पंजीयन करेगा, जिससे उन्हें सौर ऊर्जा का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि नागरिकों को कोई असुविधा न हो और कार्यक्रम का माहौल आकर्षक व सुव्यवस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, एडीएम अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर योगिता देवांगन, विरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव, हितेश पिस्दा, नगर निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल और रिसाली कमिश्नर मोनिका वर्मा सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।