बाइपास सर्जरी के बाद घर लौट रहे दंपती समेत तीन की मौत, कार पर पलटा धान से भरा ट्रक
रायपुर| राजधानी रायपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ है। रविवार देर रात विधानसभा थाना क्षेत्र में धान लोड ट्रक एक कार के ऊपर पलट गया, जिसमें दबकर कार सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौत हो गई। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों के शव को बाहर निकाला गया। इधर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, विधानसभा थाना क्षेत्र के नरदहा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब धान लोड ट्रक कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के पलटते ही कार बुरी तरह से चपट गई और उसमें सवार पति-पत्नी और ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कड़ी मशक्कत से तीनों शव को कार से बाहर निकाला गया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इधर पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतकों की पहचान तिल्दा में रहने वाले पति-पत्नी राजकुमार शर्मा और पद्मा शर्मा के साथ कैब ड्राइवर प्रवीण साहू के रूप में की गई है। राजकुमार का बड़ा बेटा मनोज शर्मा पूणे महाराष्ट्र में MNC में काम करता है और वहीं उसका छोटा बेटा मनीष शर्मा रियल स्टेट का काम देखता है। बताया जा रहा है कि राजकुमार 10 फरवरी से MMI अस्पताल में भर्ती थे और बाइपास सर्जरी के बाद घर लौटने की जिद कर रहे थे।
रविवार रात को जब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली, तो मनोज ने पूणे से ही उनके लिए कैब बुक की। रविवार रात में राजकुमार अपनी पत्नी और कैब ड्राइवर के साथ तिल्दा लौट रहे थे, तभी रात साढ़े 8 बजे के आसपास नरदहा में DPS स्कूल के पास धान लोड ट्रक ने कार को ओवर टेक करने की कोशिश की और इतने में ट्रक का लॉकिंग हुक (पट्टा) टूट गया, जिसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर किनारे में चल रही कार के ऊपर पलट गया।
घटना के बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और फिर राहत बचाव का काम शुरु किया गया। किसी तरह से कार के ऊपर गिरी धान की बोरियों को हटाकर कार सवारों को बाहर निकाला गया, तब तक राजकुमार की मौत हो चुकी थी। वहीं ड्राइवर और पद्मा को घायल हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरु कर दी है।