रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का हंगामा: शिक्षा मंत्री के बंगले में घुसकर शुरू किया धरना, 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग

रायपुर : राजधानी रायपुर में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले पहुंच गए। यहां उन्होंने बंगले के अंदर ही धरना शुरू कर दिया। अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार इसकी निश्चित तारीख घोषित करे।
जानकारी के अनुसार, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से प्रदर्शन और इंतजार के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी नाराजगी के चलते गुरुवार को उन्होंने शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
अभ्यर्थियों का कहना है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर अब और इंतजार करना संभव नहीं है। सरकार को जल्द फैसला लेते हुए नियुक्ति की समयसीमा स्पष्ट करनी चाहिए। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि नियुक्ति की पक्की तारीख चाहिए।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही शिक्षा मंत्री के बंगले पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसडीएम समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। फिलहाल मंत्री के बंगले के अंदर प्रदर्शन जारी है और प्रशासन की ओर से आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश की जा रही है।
