छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज: आज कई जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी, अगले 48 घंटे में 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान

mausam

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ के कमजोर पड़ने के बाद बने डिप्रेशन का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 5 नवंबर को भी राज्य के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे लगे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना अवदाब चक्रवाती तूफान मुरासु का कमजोर पड़ा हुआ रूप है। इसी मौसमी सिस्टम के चलते दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी हैं।

हालांकि, राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी बारिश का रेड या ऑरेंज अलर्ट जारी नहीं किया है। दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या छिटपुट बौछारें पड़ सकती हैं।

बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ ही प्रदेश के तापमान में गिरावट शुरू होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटों में छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा। खासकर सुबह के वक्त मौसम में ठंडक महसूस होने लगेगी।

प्रदेश के प्रमुख शहरों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान इस प्रकार रहने का अनुमान है:

  • रायपुर: न्यूनतम 19°C, अधिकतम 30°C

  • बिलासपुर: न्यूनतम 18°C, अधिकतम 30°C

  • पेंड्रा रोड: न्यूनतम 15°C, अधिकतम 28°C

  • दुर्ग: न्यूनतम 18°C, अधिकतम 30°C

  • राजनांदगांव: न्यूनतम 19°C, अधिकतम 30°C

  • अंबिकापुर: न्यूनतम 16°C, अधिकतम 27°C

  • सूरजपुर: न्यूनतम 15°C, अधिकतम 28°C

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार 6 नवंबर को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दिन किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

वहीं, 7 से 10 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यानी अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम सकती हैं। आसमान साफ होने और न्यूनतम तापमान में गिरावट के चलते प्रदेश में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा।

रीसेंट पोस्ट्स