IDBI बैंक ठगी कांड में कार्रवाई तेज: दो और ठग जेल भेजे गए, पीड़ितों का आंदोलन जारी
रायपुर। आईडीबीआई बैंक फ़र्जीवाड़े के दो और ठग गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। इससे पहले एक आरोपी दुर्गेश शर्मा को गिरफ्तार किया गया था।
धरसीवां पुलिस ने बीते 5 मार्च को नरेन्द्र कुमार वर्मा, सिलतरा की रिपोर्ट पर राजा खुंटे, जुनवानी थाना पलारी, हाल निवासी ग्राम मौहदा थाना धरसींवा धारा 420 दर्ज कर तलाश कर रही थी।
जांच में प्रार्थी व गवाहों के कथन जप्त दस्तावेजों जैसे एफ. डी. पेपर, बैंक का काउंटर पावती रसीद, म्यूचुअल बाण्ड पेपर, एवं जप्त एफ.डी. पेपर का आई. डी. बी. आई. बैंक शाखा चरोदा से प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट पर धारा 467, 468, 471 जोड़ी गई है। इसी कड़ी में अन्य 02 आरोपी तोप सिंह वर्मा, पता कुम्ही, थाना बेरला जिला बेमेतरा एवं बलराम साहू, धरसींवा को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
उधर बैंक प्रबंधन ने ठगे गए 1.50 करोड़ रुपए खातेदारों को वापस करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की है। इसकी मांग करते हुए खातेदार ग्रामीण बैंक की चरोदा शाखा परिसर में आंदोलनरत है। वे सोमवार को बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय सिविल लाईन रायपुर का घेराव करने की घोषणा कर चुके हैं।
ग्राहकों का आरोप है कि बैंक के ही कर्मचारियों ने FD कराने के बहाने उनसे पैसे लिए और फर्जी बॉन्ड पेपर दे दिए। बाद में पता चला कि पैसा खाते में जमा ही नहीं है। अब तक की जानकारी के अनुसार डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक का घोटाला होने की बात कही जा रही है। इससे नाराज ग्राहकों ने बैंक में ताला जड़ दिया था, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और अब गिरफ्तारियों का दौर जारी है।