इनकम टैक्स की छोटी गलती भी दे सकती है बड़ा झटका, 200% तक जुर्माना—जानिए बचने के तरीके
Income Tax Penalty Rules India: देश में इनकम टैक्स नियमों को लेकर अब विभाग पहले से कहीं ज्यादा सख्त हो गया है। अगर आपने अपनी कमाई छिपाने या गलत जानकारी देने की कोशिश की, तो आपकी जेब पर 50% से लेकर 200% तक की भारी पेनल्टी लग सकती है। हालांकि, कुछ खास तरीकों से आप इस जुर्माने से बच भी सकते हैं।
दरअसल, हाल के दिनों में टैक्स चोरी और गलत रिपोर्टिंग के मामलों में काफी तेजी आई है। रायपुर के सिविल लाइंस स्थित आयकर भवन से लेकर बिलासपुर और भिलाई के व्यापारिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज है कि विभाग अब एक-एक ट्रांजेक्शन पर नजर रख रहा है। आयकर विभाग ने साफ कर दिया है कि टैक्स डिफाल्टर्स को अब बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि इनकम टैक्स की धारा 439 के तहत पेनल्टी को दो मुख्य हिस्सों में बांटा गया है। अगर आपने गलती से या कैलकुलेशन की कमी की वजह से अपनी वास्तविक आय कम दिखाई है, तो इसे अंडर रिपोर्टिंग माना जाता है। ऐसे मामलों में कुल टैक्स का 50% जुर्माना देना होगा। यह एक गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। अगर कोई टैक्सपेयर जानबूझकर फर्जी खर्च दिखाता है या ट्रांजेक्शन छिपाता है, तो विभाग सीधे 200% पेनल्टी ठोक सकता है।
गौरतलब है कि टैक्स भुगतान में देरी करना भी भारी पड़ सकता है। सूत्रों के मुताबिक, धारा 220(2) और 221 के तहत अगर आप 30 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब या टैक्स जमा नहीं करते, तो आपको डिफॉल्टर घोषित कर दिया जाएगा। लगातार चूक होने पर विभाग आपके बैंक खाते अटैच कर सकता है और संपत्ति जब्ती जैसी सख्त कार्रवाई भी शुरू कर सकता है।
मिल रही जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स एक्ट 2025 में सख्त नियमों के बीच राहत का रास्ता भी खुला रखा गया है। अगर आप जुर्माने के जाल से निकलना चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें। यदि टैक्सपेयर अपना पूरा टैक्स और उस पर लगने वाला ब्याज समय पर जमा कर देता है, तो वह राहत का हकदार है। अगर आप विभाग के फैसले के खिलाफ अपील में नहीं जाते और ईमानदारी से टैक्स भर देते हैं, तो इम्युनिटी (छूट) के लिए आवेदन किया जा सकता है। एक तय समय सीमा के भीतर पेनल्टी से छूट पाने के लिए आवेदन करना अनिवार्य है।
रायपुर के टैक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि प्रशासन अब डिजिटल डेटा के जरिए हर छोटे-बड़े निवेश पर नजर रख रहा है। ऐसे में टैक्सपेयर्स को सलाह दी जाती है कि वे अपने सीए से सलाह लेकर ही रिटर्न फाइल करें। प्रशासन की अगली कार्रवाई उन लोगों पर हो सकती है जिन्होंने भारी लेन-देन तो किया है लेकिन उसे रिटर्न में नहीं दिखाया है।