बादाम कांड पार्ट-2: NOC जारी करने के एवज में मांगी रिश्वत, बादाम कांड के बाद से चर्चा में है महिला अफसर
बिलासपुर। बिलासपुर में चर्चित “बादाम कांड” वाली छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक नया वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है। वीडियो में एक महिला, एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा रहीं हैं। हालांकि, वीडियो में महिला अफसर पैसे मांगने से मना कर रही हैं और ऑफिस में हल्ला कर हंगामा मचाती भी नजर आ रही हैं। बहरहाल, इस मामले में दोनों पक्ष ने कोई शिकायत नहीं की है।
मकान और फ्लैट खरीदने के बाद लोगों को छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में नामांतरण के लिए चक्कर काटना पड़ रहा है। आवेदन के साथ जरुरी दस्तावेज जमा करने के बाद भी बेवजह परेशान करने की शिकायतें मिल रही है। बताया जा रहा है, महिला ने मकान खरीदने के बाद नामांतरण के लिए 17 मार्च 2025 को जरुरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया था। 11 नवंबर 2025 को आदेश जारी होने के बाद भी महिला को राहत नहीं मिली।
सोशल मीडिया पर एक महिला और हाउसिंग बोर्ड में पदस्थ वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें महिला ने एनओसी जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा रही है। वरिष्ठ सहायक पूनम बंजारे रिश्वत मांगने से मना कर रहीं हैं। वीडियो बनाते देख ऑफिस परिसर में पूनम बंजारे भड़क गई और गाली देने लगीं। साथ ही कहा, उन्होंने पैसे की डिमांड नहीं की हैं। दूसरी तरफ पीड़ित महिला बोलते सुनाई दे रही हैं, आपने पैसे की मांग की है।
तरुण साहू ने 17 मार्च 2025 को नामांतरण के लिए आवेदन किया था। 11 नवंबर 2025 को सारी प्रक्रिया पूरी कर पत्र भी जारी कर दिया गया था, इसके बाद भी फाइल उन्हें नहीं दी गई और दफ्तर में ही पड़ी रही। काम पूरा होने के बावजूद उन्हें करीब एक साल बेवजह चक्कर लगाने पड़े। युवक से कहा गया, उसकी फाइल नहीं मिल रही है। इससे परेशान और नाराज युवक हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में आधा किलो बादाम लेकर पहुंचा। युवक ने असिस्टेंट मैनेजर की टेबल पर बादाम फेंकते हुए कहा, ‘इसे खाइए, याददाश्त बढ़ेगी। जब याद आ जाए, मेरी फाइल कहां है, तो मुझे बता दीजिए।’ युवक ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस घटना के बाद हाउसिंग बोर्ड कमिश्नर ने दोनों अफसर को मुख्यालय अटैच कर दिया है।