भाजपा नेता के साथ रिसॉर्ट में मिली शिक्षिका, पति की सूचना पर पुलिस ने किया खुलासा…
रायपुर। छत्तीसगढ़ बालोद जिले में एक भाजपा कार्यकर्ता ने पुलिस के साथ रिसॉर्ट पहुंचकर अपनी शिक्षिका पत्नी को भाजपा के ही एक अल्पसंख्यक पदाधिकारी के साथ रंगे हाथों पकड़ा है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पति का आरोप है, पत्नी के कई पुरुषों से अवैध संबंध हैं और विरोध करने पर वह बच्चों और मेरे साथ मारपीट करती है। घर से निकाल देने और खाने में जहर देकर मारने की धमकी देकर प्रताड़ित करती है। हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पति ने एसपी से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है, पत्नी ने सभी आरोपों को झूठा बताते हुए पति पर ही उसे बदनाम करने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
छत्तीसगढ़ बालोद के टिकरापारा वार्ड नंबर-04 के अब्दुल ताहिर ने पत्नी के खिलाफ एसपी से शिकायत की है, उसने अपनी पत्नी पर शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी को लिखे शिकायत में बताया, बालोद के टिकरापारा वार्ड नंबर 4 का निवासी है। उसकी शादी वर्ष 2006 में मुस्लिम रीति-रिवाज से बागबाहरा में हुई थी। पत्नी प्राथमिक शाला में हेड मास्टर है, उनके एक बेटी और एक बेटा है। शादी के लगभग 17 साल तक सब ठीक चल रहा था, बीते दो साल से मेरे और बच्चों के प्रति पत्नी का व्यवहार बदल गया, जिससे हम सभी परेशान हैं।
पीड़ित पति के अनुसार, पत्नी आए दिन घर में बच्चों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करती थी। बच्चों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल देती थी और कपड़े प्रेस करने के दौरान उन्हें गर्म प्रेस से जलाती थी। पत्नी की इन हरकतों के कारण पति ने जब खुद जांच शुरू की, तो उसे अजरूद्दीन नाम के व्यक्ति के साथ पत्नी के प्रेम संबंधों का पता चला।
पति का दावा है, उसने पत्नी के मोबाइल में कई आपत्तिजनक मैसेज भी देखे हैं और आसपास के लोगों से उसे जानकारी मिली कि वह स्कूल जाने के बहाने अन्य पुरुषों के साथ बाइक पर घूमती है।
पीड़ित ने जब इन बातों को लेकर पत्नी को समझाने की कोशिश की, तो उसने सुधार करने के बजाय पति के साथ ही गाली-गलौज और विवाद करना शुरू कर दिया।
दोस्त से मिली जानकारी और रंगे हाथों पकड़ा
पीड़ित पति ने बताया, जिस घर में वे रह रहे हैं, वह उसने अपने पैसों से बनवाया है। हालांकि उसमें कुछ पैसा पत्नी ने भी लगाया है। इसी बात को लेकर पत्नी बार-बार धमकी देती है कि घर उसके नाम पर है और वह कभी भी उसे और बच्चों को बाहर निकाल सकती है। इस वजह से पीड़ित और उसके बच्चे काफी परेशान हैं।
पीड़ित ने यह भी बताया, उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, इसलिए वह उसे रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने जानकारी दी कि 25 अप्रैल 2026 को उसकी पत्नी, बालोद के असरार अहमद उर्फ गुड्डा के साथ ग्राम डंगनिया के एक रिसॉर्ट में गई है। पीड़ित अपने बहनोई अरमान अंसारी के साथ 25 अप्रैल को दोपहर 3 बजे मौके पर पहुंचा। किसी भी तरह की परेशानी या झूठे आरोप से बचने के लिए वह पुलिस और एक महिला आरक्षक को भी साथ लेकर गया था।
रिसॉर्ट पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी पत्नी और भाजपा नेता असरार अहमद कमरे के अंदर थे और दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने के बाद करीब आधे घंटे बाद असरार बाहर आया और करीब दो घंटे बाद उसकी पत्नी कमरे से बाहर निकली। पीड़ित ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। बाहर आते ही पत्नी ने उससे गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे मामला और बढ़ गया। इसके बाद सभी को थाने लाया गया, जहां पूछताछ की गई। पीड़ित ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
टीचर ने पति पर लगाया बदनाम और मारपीट करने का आरोप
पति के आरोपों पर पत्नीने एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। महिला का कहना है, उसका पति नशे का आदी है और उसके साथ लगातार मारपीट व प्रताड़ना करता रहा है। प्रताड़ना से तंग आकर वह दो बार आत्महत्या की कोशिश भी कर चुकी है। महिला ने कहा, उसे समाज में बुरी तरह बदनाम किया जा रहा है और अगर वह अब सुसाइड करती है, तो इसके लिए उसके पति और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार माना जाए। शिक्षिका पत्नी ने स्पष्ट किया कि अनुकंपा नियुक्ति मिलने के बाद उसने अपनी कमाई से न केवल अपनी मां की मदद की, बल्कि ससुराल में ननद-देवर की शादी और ससुर के इलाज की जिम्मेदारी भी उठाई। इसके उलट उसके पति ने कभी अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं कीं और अब बच्चों को भी उसके खिलाफ भड़का दिया है। रिसॉर्ट वाली घटना पर सफाई देते हुए महिला ने कहा कि वह अपनी मर्जी से वहां गई थी।