पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 80 प्रधान आरक्षक-आरक्षकों का ट्रांसफर, देखें किसे कहां मिली नई पोस्टिंग
जांजगीर-चांपा। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत जिले के 80 प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी तबादला सूची में उन कर्मचारियों को प्राथमिकता दी गई है, जो पिछले तीन वर्ष या उससे अधिक समय से एक ही स्थान पर पदस्थ थे। इस कदम को पुलिस प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
स्थानांतरण आदेश के तहत यातायात शाखा में पदस्थ कई पुलिसकर्मियों को विभिन्न थाना एवं चौकियों में नई जिम्मेदारी दी गई है। वहीं थाना और चौकी स्तर पर कार्यरत कुछ कर्मचारियों को यातायात शाखा में पदस्थ किया गया है। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस व्यवस्था से थानों में पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था संबंधी कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिले के ग्राम करही में 5 जून को नए पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए अलग से पुलिस कर्मचारियों की पदस्थापना की गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार, सहायता केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को त्वरित पुलिस सहायता, सुरक्षा सेवाएं और शिकायतों के त्वरित निराकरण की सुविधा मिल सकेगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम जनता के बीच समन्वय भी मजबूत होगा।


