स्वास्थ्य विभाग सतर्क: जिले में 57 HIV पॉजिटिव मरीज मिले, स्वास्थ्य मंत्री ने जनता से किया जागरूक रहने का आग्रह
रायगढ़| रायगढ़ जिले में चलाए जा रहे विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान के दौरान 57 लोगों के HIV संक्रमित पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोगों से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में HIV की पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से व्यापक जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। जांच के दौरान जिन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो रही है, उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं और परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संक्रमित व्यक्तियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार के पास उपचार और देखभाल के पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं।
मंत्री जायसवाल ने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशीले पदार्थों की प्रवृत्ति भी चिंता का विषय है। ऐसे मामलों पर प्रशासन और पुलिस लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने समाज और परिवारों से भी जागरूकता बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि HIV संक्रमण की रोकथाम के लिए सामूहिक प्रयास और सही जानकारी बेहद आवश्यक है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से नियमित जांच कराने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया है।