सनसनीखेज हत्याकांड: पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या, बोरे में बंद कर दफनाए शव, 7 दिन बाद हुआ खुलासा
गरियाबंद| गरियाबंद जिले से डबल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है. राजापड़ाव इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक पति-पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गयी. आरोपियों ने पीट पीटकर मौत के घाट उतार दिया और फिर शव को दफना दिया.
मामला जिले के शोभा थाना क्षेत्र के राजापड़ाव इलाके के गरीबा गांव का है. वारदात 6 जून की है. मृतकों की पहचान गरीबा गांव के रहने वाले राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है. जबकि आरोपी पडोसी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम है.
जानकारी के मुताबिक़, पुरानी रंजिश में लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम ने मिलकर राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई की पीट पीटकर हत्या कर दी. उसके बाद चुप चाप शव को बोरी में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया था. एक सप्ताह से दोनों लापता थे.
इस हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब व्यक्ति अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचा था. उसे दो नए कब्र दिखे. जबकि गाँव में पिछले कुछ दिनों में किसी की मौत नहीं हुई थी. जिसके बाद उसे शक हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जब कब्र खुदवाया तो उसमे से राजाराम और उसकी पत्नी की लाश निकली.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक लैब भेज दिया है. दूसरी तरफ पूछताछ के आधार पर तीनो आरोपी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. आखिर किस वजह उन्होंने ह्त्या की है. पुलिस मामले की हर एंगल से गंभीरता से जांच कर रही है.