दुर्ग के अछोटी गांव में भीषण अग्निकांड, साढ़े चार घंटे की जद्दोजहद के बाद बुझी आग

दुर्ग: जिले के ग्राम अछोटी (थाना अंडा) में बुधवार शाम एक मकान में भीषण आग लग गई। आग की सूचना शाम करीब 7:44 बजे अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और अग्निशमन दल मौके पर रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर दमकल कर्मियों ने देखा कि मकान पूरी तरह आग की लपटों से घिरा हुआ है। अग्निशमन दल ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। साथ ही आग को आसपास के मकानों तक फैलने से भी रोक लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग श्री रामचरण के मकान में लगी थी। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और इसकी जांच की जा रही है।
घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और टीमवर्क के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई।