IPL 2020: मुंबई इंडियंस की बादशाहत कायम, दिल्ली कैपिटल्स को हराकर 5 वीं बार जीता खिताब

5001

नईदिल्ली (ए)। दुबई में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के फाइनल मुकाबले में मंगलवार को मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराकर रिकॉर्ड पांचवीं बार यह खिताब अपने नाम किया। दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के लिए 157 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे मुंबई इंडियंस ने आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। मुंबई के लिए रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 51 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्के की मदद से शानदार 68 रन बनाए। इसके साथ ही क्विंटन डिकॉक ने 12 गेंदों में 20, सूर्यकुमार यादव ने 20 गेंदों में 19 और ईशान किशन ने 19 गेंदों में 33 रनों (नाबाद) का योगदान दिया। वहीं, दिल्ली की तरफ से एनरिच नॉर्टजे ने दो, जबकि कगिसो रबाडा और मार्कस स्टोइनिस ने एक-एक खिलाड़ी को पवेलियन की राह दिखाई। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 156 रन बनाए। दिल्ली के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे अधिक 50 गेंदों में नाबाद 65 रनों की पारी खेली। इसके अलावा ऋषभ पंत ने 38 गेंदों में 56 और शिखर धवन ने 13 गेंदों में 15 रन बनाए। वहीं, मुंबई की ओर से ट्रेंट बोल्ट ने चार ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि नाथन कूल्टर नाइल ने दो और जयंत यादव ने एक विकेट अपने नाम किया।

आईपीएल 2020 के फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट को ‘मैन ऑफ द मैच’ करार दिया गया। उन्होंने अपने चार ओवर में 30 रन देकर दिल्ली के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवर की समाप्ति पर 5 विकेट खोकर 157 रन बनाए और इस तरह से उसने फाइनल मैच में दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हराकर ना सिर्फ अपने खिताब का बचाव किया, बल्कि रिकॉर्ड पांचवीं बार यह ट्रॉफी अपने नाम की। मुंबई के लिए क्रुणाल पांड्या 01 गेंद पर 01 रन और ईशान किशन 19 गेंद पर 33 रन बनाकर नाबाद रहे। पारी के 19वें ओवर की पहली चार गेंदों पर दिल्ली के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्टजे ने तीन रन देकर मैच को मुंबई की झोली में डाल दिया। आखिरी 5 ओवर (13.4 से 18.4) की बात करें, तो मुंबई ने इसमें 8.40 औसत से 42 रन जोड़े और अपने तीन विकेट भी गंवाए। इस ओवर की तीसरी गेंद पर एनरिच नॉर्टजे ने पांच गेंदों में तीन रन बनाकर खेल रहे हार्दिक पांड्या को अजिक्य रहाणे के हाथों कैच आउट करवाकर मुंबई को पांचवां झटका दिया। आउट होने से पहले हार्दिक ने ईशान किशन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 8 गेंदों में 9 रनों की साझेदारी की थी।