छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट

Weather Update : छत्तीसगढ़ में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। आने वाले दिनों में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें भी दर्ज की गईं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, 21 सितंबर से प्रदेश में बादलों की सक्रियता बढ़ेगी और अधिकांश हिस्सों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है।
23 से 25 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने इस सप्ताह छत्तीसगढ़ में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। 21 और 22 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
23 और 24 सितंबर को बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। इन दिनों प्रदेश के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। वहीं, 25 सितंबर को बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
छत्तीसगढ़ में बारिश बढ़ने की प्रमुख वजह बंगाल की खाड़ी में बना मौसमी सिस्टम है। IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके मजबूत होकर अवदाब तथा आगे चलकर गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है।
इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ रही है। इसके चलते 25 सितंबर तक छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश के आसार
राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में एक-दो बार गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बीते दिनों के तापमान की बात करें तो राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके चलते पेंड्रारोड और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है।