नाबालिग लड़की ने भाई को कमरे में बनाया बंधक, बॉयफ्रेंड के अकाउंट में पैसे जमा कराने परिजनों से मांगे पैसे

बिलासपुर : बिलासपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां 17 साल की नाबालिग लड़की ने अपने 12 वर्षीय छोटे भाई के साथ खुद को कमरे में बंद कर लिया। बताया जा रहा है कि लड़की अपने बॉयफ्रेंड के बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर करने के लिए परिजनों पर दबाव बना रही थी। परिवार के पैसे देने से इनकार करने पर उसने अपने छोटे भाई को जान से मारने की धमकी तक दे दी। स्थिति बिगड़ती देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन जब लड़की नहीं मानी तो दरवाजा खोलकर दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी ने अपने 12 साल के भाई को साथ लेकर खुद को एक कमरे में बंद कर लिया। कमरे के अंदर से वह परिवारवालों पर अपने बॉयफ्रेंड के बैंक अकाउंट में रुपये जमा करने का दबाव बना रही थी। परिजनों ने पैसे देने से मना किया तो किशोरी ने अपने छोटे भाई को नुकसान पहुंचाने की धमकी दे दी। इससे परिवार के लोग घबरा गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने किशोरी से बातचीत कर उसे समझाने और दरवाजा खोलने के लिए कहा, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। काफी देर तक समझाइश के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने दरवाजा खोलकर कमरे में प्रवेश किया और किशोरी के साथ उसके छोटे भाई को सुरक्षित बाहर निकाला।
दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस ने किशोरी की काउंसिलिंग कराने का फैसला लिया। इसके लिए उसे सखी सेंटर भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि किशोरी अपने बॉयफ्रेंड के खाते में पैसे जमा कराने के लिए परिवार पर इतना दबाव क्यों बना रही थी।