कोरबा में पुलिस हिरासत से आरोपी फरार, बाथरूम जाने का बहाना बनाकर दिया चकमा

faraar

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। युवती से छेड़छाड़ के पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी बाथरूम जाने की बात कहकर पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।

फरार आरोपी की पहचान खीरचंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और कोर्ट की ओर से उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।

कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के मुताबिक, खीरचंद पुराने धारा 354 के मामले में स्थायी वारंटी था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी दौरान आरोपी के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान खीरचंद ने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम जाने की अनुमति दी। इसी मौके का फायदा उठाकर आरोपी वहां से फरार हो गया।

आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 265 के तहत भी मामला दर्ज किया है। इस तरह अब आरोपी के खिलाफ पुराने छेड़छाड़ के मामले के अलावा पुलिस हिरासत से फरार होने का नया प्रकरण भी दर्ज हो गया है।

एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।

रीसेंट पोस्ट्स