दुर्ग में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाए जा रहे थे 4 करोड़ रुपये, पुलिस ने दो लोगों को लिया हिरासत में

giraftar,jpeg

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम वाहन में बनाए गए एक गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को पुलिस अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन पर नजर रखने के लिए नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान डबरापारा के पास रात करीब 11 बजे सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप (CG 04 QU 5996) को रोककर तलाशी ली गई।

बताया जा रहा है कि पिकअप रायपुर से नागपुर की ओर जा रहा था। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर पूरी तरह बंद किया गया था, जिससे पुलिस को संदेह हुआ।

पुलिस ने वाहन चालक भवेशभाई जीनाभाई डाभी और उसके साथी विष्णुदेव दुबे से पूछताछ की। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर वाहन की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान पुलिस को वाहन के पिछले हिस्से में विशेष रूप से तैयार किया गया एक सीक्रेट चेंबर मिला।

चेंबर खोलने पर पुलिस को अंदर बड़ी संख्या में नोटों की गड्डियां दिखाई दीं। नकदी की गिनती करने पर कुल रकम करीब 4 करोड़ रुपये निकली।

पुलिस ने पूरी नकदी जब्त कर दोनों व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में इस मामले के तार नागपुर से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

मामले में वित्तीय लेन-देन की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर नकदी के स्रोत और उसके परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

रीसेंट पोस्ट्स