छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य; प्रति एकड़ 21 क्विंटल की होगी खरीद

रायपुर : छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तारीखों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से धान खरीदी शुरू होगी, जो 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी। इस दौरान सरकार किसानों से 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। वहीं, प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने की अनुमति होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुर्ग में आयोजित पंडवानी महासम्मेलन के मंच से धान खरीदी की तारीखों की घोषणा की। सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों को फायदा मिलने की उम्मीद है। धान खरीदी से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की संभावना है।
सरकार ने इस साल धान खरीदी के लिए 160 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया है। पिछले खरीफ सीजन में 140 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी। इस तरह पिछले साल की तुलना में इस बार 20 लाख मीट्रिक टन अधिक धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में धान खरीदी का लक्ष्य करीब 63 प्रतिशत बढ़ा है।
धान बेचने से पहले जान लें ये 4 जरूरी नियम
धान खरीदी केंद्रों में फसल बेचने के लिए किसानों को कुछ अनिवार्य प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। इनमें प्रमुख रूप से ये चार नियम शामिल हैं।
1. एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन जरूरी
धान बेचने के लिए किसानों को एग्रीस्टैक (AgriStack) पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। बिना पंजीयन के धान खरीदी की प्रक्रिया में शामिल होना संभव नहीं होगा।
2. बायोमेट्रिक सत्यापन होगा
खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और फर्जीवाड़े पर रोक लगाने के लिए उपार्जन केंद्रों पर किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा।
3. टोकन के आधार पर होगी खरीदी
खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था रोकने के लिए टोकन व्यवस्था लागू रहेगी। किसानों को टोकन में निर्धारित तारीख पर ही अपना धान लेकर केंद्र पहुंचना होगा।
4. धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत तक ही मान्य
धान खरीदी के दौरान नमी के निर्धारित मानकों का पालन करना जरूरी होगा। धान में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से अधिक होने पर उपज खरीदी के लिए अमान्य हो सकती है। इसलिए किसानों को धान बेचने से पहले उसकी नमी की जांच कर लेनी चाहिए।
