रायपुर और दुर्ग में ED की सुबह-सुबह दबिश, जमीन और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की जांच

रायपुर : छत्तीसगढ़ में मंगलवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। राजधानी रायपुर के पंडरी और रविनगर इलाके में ईडी की टीम ने दबिश दी। इसके अलावा दुर्ग में भी अधिकारियों की कार्रवाई की जानकारी सामने आई है। सुबह करीब 4 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित इलाकों में हलचल बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, ईडी की टीम रायपुर के रविनगर स्थित सुशील विला पहुंची। इसके साथ ही रविनगर के डागा निवास में भी अधिकारियों के पहुंचने की खबर है। बताया जा रहा है कि टीम दो वाहनों में सवार होकर पहुंची थी और कार्रवाई में छह से अधिक अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ईडी की जांच का दायरा जमीन के लेन-देन और ज्वेलरी कारोबार से जुड़े वित्तीय दस्तावेजों तक हो सकता है। अधिकारियों द्वारा जमीन की खरीद-बिक्री, कारोबारी गतिविधियों और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जाने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि डागा परिवार ज्वेलरी कारोबार से जुड़ा हुआ है।
हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ईडी की कार्रवाई किस विशिष्ट मामले में की जा रही है और जांच के दायरे में किन व्यक्तियों या कारोबारी प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया है।
रायपुर के साथ दुर्ग में भी ईडी की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, दुर्ग में किन स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है और किन लोगों से पूछताछ हो रही है, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ईडी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के दौरान किसी दस्तावेज या अन्य सामग्री की जब्ती हुई है या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हुई है।
