बिलासपुर हाईकोर्ट में लीगल असिस्टेंट के 11 पदों पर भर्ती, जानें योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया, 31 अक्टूबर तक करें आवेदन

high court

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कानून की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए नौकरी पाने का अच्छा अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट, बिलासपुर ने लीगल असिस्टेंट (विधि सहायक) के 11 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

हाईकोर्ट में चयनित उम्मीदवारों को 30,000 रुपये प्रतिमाह निश्चित मानदेय दिया जाएगा। इस राशि के अतिरिक्त महंगाई भत्ता, अन्य भत्ते या आवास जैसी सुविधाएं नहीं मिलेंगी।

नियुक्ति एक वर्ष की संविदात्मक अवधि के लिए की जाएगी। मुख्य न्यायाधीश की स्वीकृति से इस अवधि को अधिकतम तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। हालांकि, निर्धारित शर्तों के अनुसार नियुक्ति को बिना पूर्व सूचना के किसी भी समय समाप्त किया जा सकता है।

लीगल असिस्टेंट के कुल 11 पदों का वर्गवार विवरण इस प्रकार है:

  • अनारक्षित वर्ग: 6 पद (इनमें 1 पद महिला के लिए)
  • अनुसूचित जाति: 2 पद
  • अनुसूचित जनजाति: 2 पद
  • अन्य पिछड़ा वर्ग: 1 पद

कुल रिक्तियों में से 2 पद दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं।

आरक्षण का लाभ लेने के लिए कुछ महत्वपूर्ण शर्तें निर्धारित की गई हैं।

  • अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षित पदों का लाभ छत्तीसगढ़ के वास्तविक निवासियों को ही मिलेगा।
  • अन्य राज्यों के निवासी उम्मीदवारों पर केवल अनारक्षित पदों के लिए विचार किया जाएगा।
  • ओबीसी वर्ग के उम्मीदवार क्रीमी लेयर में शामिल नहीं होने चाहिए।
  • महिला आरक्षण का लाभ केवल छत्तीसगढ़ की स्थानीय महिला उम्मीदवारों को मिलेगा।
  • पदों की संख्या और आरक्षण रोस्टर में आवश्यकता के अनुसार बदलाव किया जा सकता है।

भर्ती प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में लंबित एसएलपी (सी) क्रमांक 19668/2022 के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास देश के किसी मान्यता प्राप्त विधि महाविद्यालय या विश्वविद्यालय से तीन वर्षीय एलएलबी या पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ डिग्री होना जरूरी है।

इसके अलावा निम्नलिखित योग्यताएं भी निर्धारित की गई हैं:

  • एलएलबी परीक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।
  • ऐसे लॉ ग्रेजुएट आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने अभी तक अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस शुरू नहीं की है।
  • उम्मीदवार किसी अन्य पेशे या सेवा में कार्यरत नहीं होना चाहिए।
  • एलएलबी अंतिम वर्ष की परीक्षा दे चुके और परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, साक्षात्कार के समय अंतिम मार्कशीट प्रस्तुत करनी होगी।
  • कंप्यूटर संचालन, डेटा एंट्री और वर्ड प्रोसेसिंग का ज्ञान आवश्यक है।

आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु विज्ञापन जारी होने वाले वर्ष की 1 जनवरी को कम से कम 21 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को राज्य सरकार के नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

इस भर्ती में उम्मीदवारों की योग्यता का मूल्यांकन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। प्रारंभिक स्क्रीनिंग के बाद योग्य अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए किसी भी उम्मीदवार को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा।

चयनित विधि सहायकों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के साथ अटैच किया जाएगा। उन्हें संबंधित न्यायाधीशों के निर्देशानुसार कानूनी और प्रशासनिक कार्यों में सहयोग करना होगा।

उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल होंगे:

  • न्यायाधीशों द्वारा दिए गए कानूनी विषयों पर शोध और अध्ययन करना।
  • केस लॉ, कानूनी लेख और संबंधित फैसलों की जानकारी जुटाना।
  • कानूनी ज्ञापन और राय तैयार करने में सहयोग करना।
  • न्यायालय में सुनवाई के दौरान उपस्थित रहना और आवश्यक नोट्स तैयार करना।
  • केस फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों का रखरखाव करना।
  • न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों में न्यायाधीशों की सहायता करना।
  • निर्णयों और कानूनी सिद्धांतों का रिकॉर्ड तैयार करना।

नियुक्ति समाप्त होने के बाद विधि सहायक उन न्यायाधीशों के समक्ष किसी भी ऐसे मामले में उपस्थित नहीं हो सकेंगे, जिनके साथ वे अपने कार्यकाल के दौरान जुड़े रहे हों। यह प्रतिबंध उन मामलों पर भी लागू होगा, जिन पर उन्होंने नियुक्ति के दौरान काम नहीं किया था। इस संबंध में उम्मीदवारों को निर्धारित प्रारूप में वचन पत्र देना होगा।

इसके अलावा, विधि सहायकों को उनके कार्यकाल के अनुपात में प्रति वर्ष अधिकतम 8 दिन की आकस्मिक अनुपस्थिति की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए संबंधित न्यायाधीश की स्वीकृति आवश्यक होगी।

आवेदन की अंतिम तिथि: 31 अक्टूबर 2026, शाम 5 बजे तक।

रीसेंट पोस्ट्स